बाराबंकी में BJP-सपा आमने-सामने, बूथ लगाने को लेकर आधी रात तक बवाल, भारी पुलिस फोर्स ने संभाला मोर्चा

# ## Lucknow

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक (MLC) चुनाव के मतदान से ठीक एक दिन पहले देर रात बाराबंकी में सियासी पारा चढ़ गया। शहर के लखपेड़ाबाग चौराहे पर चुनावी एजेंटों का बूथ लगाने को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर बहसबाजी हुई। तनाव इस कदर बढ़ा कि हाथापाई की नौबत आने की आशंका पैदा हो गई। सूचना पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स ने किसी तरह स्थिति को संभाला। ऐन चुनाव से पहले हुए इस घटनाक्रम ने जिले का सियासी माहौल गरमा दिया है।

भाजपा नेताओं का आरोप था कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने बिना अनुमति उनकी जगह पर चुनावी एजेंटों का बूथ लगा दिया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर सपा ने बूथ बनाया था, वह भाजपा नेता आदित्य सिंह टाइगर की मार्केट के सामने था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला गरमा गया। भाजपा नेताओं ने सपा पर गुंडई का आरोप लगाते हुए कहा कि जब सत्ता में रहते हुए सपा नेताओं की ऐसी कार्यशैली रही है, तो सत्ता से बाहर रहने के बावजूद इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सपा फिर सत्ता में आ गई तो प्रदेश का क्या हाल होगा?

वहीं, समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाजपा पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में हार के डर से भाजपा बौखलाई हुई है। सपा नेताओं का कहना था कि उनके एजेंटों के लिए लगाया गया बूथ भाजपा नेताओं ने जबरन हटवा दिया। इसी को लेकर विवाद हुआ। सपा ने इसे भाजपा की दबाव बनाने वाली राजनीति करार दिया। विवाद की सूचना मिलते ही दोनों दलों के नेताओं का मौके पर जमावड़ा लग गया। भाजपा की ओर से जिला उपाध्यक्ष जंग बहादुर पटेल, राकेश पटेल और रोहित सिंह समेत कई नेता पहुंचे। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज, प्रीतम सिंह और आशीष सिंह आर्यन समेत कई नेता मौके पर मौजूद रहे।

दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहसबाजी के बीच तनाव बढ़ता देख पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। गौरतलब है कि आज होने वाले लखनऊ स्नातक खंड एमएलसी चुनाव में भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला है। भाजपा ने वर्तमान एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को मैदान में उतारा है, जबकि समाजवादी पार्टी ने पूर्व एमएलसी श्रीमती कांति सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया है। कांति सिंह पटेल, डॉ. एसपी सिंह की पत्नी हैं। दोनों प्रमुख प्रत्याशी कुर्मी समुदाय से आते हैं। चुनाव से ठीक पहले बाराबंकी में बूथ लगाने को लेकर दोनों दलों के नेताओं के आमने-सामने आने से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अब सबकी नजरें मतदान पर टिकी हैं।