Bareilly News : शक्तिवर्धक दवाएं बेचने वाले फर्जी हकीम के बैंक खाते होंगे फ्रीज, सहारनपुर-मुरादाबाद जाएगी पुलिस टीम

# ## Bareilly Zone

 बरेली के इज्जतनगर इलाके में आठवीं पास एक कथित हकीम नकली दवाओं का बड़ा धंधा चलाते पकड़ा गया। नकली आयुर्वेदिक और शक्तिवर्धक दवाएं बेचने का आरोप है। बाकायदा एक पूरी टीम इस काम में जुटी थी। कॉल सेंटर बना रखा था। ग्राहकों को ऑनलाइन दवाएं ऑफर की जाती थीं।

नकली दवा कारोबार के खुलासे के बाद अब पुलिस इस नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। इसी क्रम में पुलिस हकीम समीरउद्दीन और उसके साथियों के बैंक खातों को फ्रीज कराने की तैयारी में है। पिछले छह सालों के वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। इस धंधे में शामिल फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें सहारनपुर और मुरादाबाद भी भेजी जाएंगी।

दो साल पहले ऑनलाइन धंधा 

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि समीरउद्दीन खुद को हकीम बताता था। यूनानी इलाज की आड़ में वह नकली दवाओं का कारोबार कर रहा था। गिरोह करीब छह साल से ऑफलाइन दवाएं बेच रहा था। करीब दो साल पहले ऑनलाइन कारोबार शुरू किया था।

पुलिस ने नकली दवा सेंटर से मिले दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सेंटर के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी कब्जे में लिया है। फुटेज खंगालकर सेंटर पर आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। कॉल सेंटर से मिले मोबाइल नंबरों की भी पड़ताल जारी है।

कॉल सेंटर कर्मचारियों से पूछताछ!

कॉल सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ संभव है। पुलिस यह पता कर रही है कि कर्मचारियों को दवाओं के फर्जीवाड़े की जानकारी थी या वे केवल सामान्य कॉलिंग का काम कर रहे थे। इसके अलावा पुलिस की टीम मुरादाबाद और सहारनपुर जाकर मामले की जांच करेंगी और जो लोग यह दवा बरेली में सप्लाई करते थे, उनके नाम भी मुकदमे में बढ़ाए जाएंगे।