Lucknow News: दशहरा-दीपावली पर राजधानी रोशन रखने की तैयारी, बिजली व्यवस्था संभालेंगे अधिकारी-कर्मचारी

# ## Lucknow

नवरात्र, दशहरा, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिए हैं। इसके लिए 150 अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था की गई है। इन ट्रांसफार्मरों को आपात स्थिति से इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा सभी उपकेंद्रों पर 24 घंटे कर्मचारियों के दो गैंग तैनात रहेंगे। ये कर्मचारी खराबी दूर कर 30 मिनट में आपूर्ति बहाल करेंगे।

बिजली के पोल बदलने, एबीसी केबल, जंपर, पेटीफ्यूज और जर्जर तारों की मरम्मत व बदलाव करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। किसी भी तकनीकी खराबी पर 30 मिनट के भीतर खराबी को दूर कर आपूर्ति बहाल करने की समय-सीमा तय की गई है। व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाने की तैयारी भी है। सभी उपकेंद्रों पर 24 घंटे कर्मचारियों की दो गैंग तैनात रहेंगे। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग का जिम्मा अधिशासी स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया है।

प्रमुख बाजारों के लिए विशेष इंतजाम

दशहरा और दीपावली के दौरान करोड़ों रुपये का कारोबार करने वाले लखनऊ के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों अमीनाबाद, यहियागंज, चौक, लाटूश रोड, आलमबाग, चारबाग, अलीगंज, नक्खास और इंदिरानगर में सुचारू बिजली आपूर्ति के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इन इलाकों में खराब तारों को बदलने और सभी तकनीकी कमियों को दूर करने का काम युद्धस्तर पर जारी है, ताकि व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अक्टूबर माह घोषित हुआ अनुरक्षण माह

शहर के कई इलाकों में हो रही बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या से निपटने के लिए कॉर्पोरेशन ने अक्टूबर महीने को मेंटेनेंस माह घोषित किया है। इसके तहत उपकेंद्र अधिकारियों को पेड़ों की कटाई-छंटाई, ट्रांसफार्मर में तेल भरने, लोड चेक करने, खराब खंभे व जर्जर केबल बदलने और फीडरों के मेंटेनेंस कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। देर रात तक खरीदारी वाले बाजारों पर विशेष नजर रखी जा रही है और ऐसे क्षेत्रों में मोबाइल ट्रांसफार्मरों का बैकअप भी तैयार रखा गया है।

मुख्य अभियंता जानकीपुरम जोन के वीके सिंह ने बताया कि त्योहारों के अवसर पर उपभोक्ताओं और व्यापारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करना हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए ट्रांसफार्मरों के रखरखाव से लेकर पेड़ों की छंटाई और सभी बिजली उपकरणों का मेंटेनेंस तेजी से कराया जा रहा है।