फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बना रहा गिरोह, मामला दबाए बैठी इस्लामनगर पुलिस

# ## Bareilly Zone

 इस्लामनगर थाना क्षेत्र में जनसेवा केंद्रों से अवैध रूप से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का मामला सामने आया है। आलम तो है कि नगर पंचायत रुदायन तक की आईडी हैक करके यह फर्जी प्रमाण पत्र बनाए गए। अधिशासी अधिकारी की शिकायत भी पुलिस जांच कराकर कार्रवाई की बजाय नजरअंदाज करके बैठी है। बताया जा रहा है कि पुलिस के कार्रवाई न करने की वजह से गिरोह ने 28 व 29 सितंबर की रात 12 बजे के बाद दो दिन में 91 फर्जी प्रमाण पत्र बनाए हैं।

नगर पंचायत रुदायन के अधिशासी अधिकारी ने 22 सितंबर को इस्लामनगर पुलिस को तहरीर देकर अवैध प्रमाण पत्र बनाए जाने की शिकायत की थी। तहरीर में उन्होंने बताया था कि नगर पंचायत के जन्म-मृत्यु पंजीकरण पोर्टल का परीक्षण करने पर पता चला कि नगर पंचायत की आईडी का प्रयोग करके पूर्व में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर ने अन्य लोगों से मिलीभगत करके अनाधिकृत रूप से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र  निर्गत किए थे।जांच के दौरान प्रमाण पत्र धारकों से इस बारे में पूछा गया था तो उन्होंने बताया कि उन्होंने इस्लामनगर के जनसेवा केंद्र के संचालक से यह प्रमाण पत्र प्राप्त किए हैं। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया पाया गया कि प्रमाण पत्रों के निर्गमन में नगरं पंचायत की अधिकृत प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। नगर पंचायत ने उन प्रमाण पत्रों को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की थी। पंचायत के पंजीकरण पोर्टल आईडी का अनाधिकृत उपयोग करने वाले पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर व उसके साथियों की पहचान बहुत जरूरी है। जनसेवा केंद्र संचालक की भी भूमिका की जांच की जाए। वह लोग फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का गिरोह चलाते हैं। अधिशासी अधिकारी ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की थी लेकिन इस्लामनगर पुलिस ने मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। जिसकी वजह से गिरोह ने दो दिनरात 91 अवैध प्रमाण पत्र और बना लिए हैं। अगर पुलिस समय से कार्रवाई करती तो कम से कम यह फर्जी प्रमाण न बनते।