विवाद के बाद एक युवक ने कुल्हाड़ी से वार करके अपनी पत्नी की हत्या कर दी। लगभग दो घंटों तक शव के पास ही बैठा रहा। दोनों ने लगभग 14 साल पहले प्रेम विवाह किया था। मंगलवार रात किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। महिला के भाई की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला थाना उसहैत क्षेत्र की ग्राम पंचायत खेड़ा किशनी खाम के मजरा मिढ़िक नगला उर्फ बीहट का है। गांव निवासी दुर्गपाल के इकलौते बेटे आशीष ने साल 2012 में कोतवाली दातागंज क्षेत्र के मोहल्ला अरेला निवासी बुधपाल सिंह की बेटी मोहिनी से प्रेम विवाह किया था। उनकी चार बेटियां और एक बेटा हैं। एक महीने मायके में रुकने के बाद मोहिनी मंगलवार को ससुराल आई थीं। मंगलवार देर रात दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि आशीष ने मोहिनी (32) को कमरे में बंद किया और उसके सिर पर कनपटी पर कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी। परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलने पर उसहैत के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मोहिनी के सिर पर तीन जगह हरे घाव थे। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। सूचना मिलने पर मायका पक्ष चीत्कार करते पहुंचा। मोहिनी के भाई कमल गौतम ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन मोहिनी की हत्या कर दी गई है। वह बहन की ससुराल पहुंचे थे। आरोप लगाया कि बहन के पति आशीष प्रताप सिंह, सास अंगोरी, ससुर दुर्गपाल सिंह, अमरजीत ने मोहिनी की हत्या की है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि महिला की हत्या की सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मायका पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पति को गिरफ्तार करके आगे की जांच की जा रही है।
