बरेली में पुलिस की डायल-112 गाड़ी से पेट्रोल चोरी का खेल सामने आया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी बिठा दी है। एक होमगार्ड की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। उसके विरुद्ध भी जिला कमांडेंट को पत्र लिखा है।
मामला शाही क्षेत्र का है। यहां डायल-112 की गाड़ी में ईंधन को गड़बड़ी को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डायल-112 की गाड़ी संख्या 6854 पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर शिकायत मिली थी।
इसकी जांच कराई गई तो पता चला कि गाड़ी पर तैनात हेड कांस्टेबल ब्रजेश कुमार और कांस्टेबल मोन्टी कुमार ने पेट्रोल पंप संचालकों से सांठगांठ कर रखी है। उनकी मिलीभगत से सरकारी वाहन के पेट्रोल में गड़बड़ी की जा रही थी। मतलब दोनों पेट्रोल के नाम पर पुलिस पर ज्यादा बिल बना रहे थे।
इस तरह दोनों पर दायित्वों के विपरीत काम करने और पुलिस की छवि खराब करने के गंभीर आरोप सामने आए। जांच के बाद एसएसपी ने हेड कांस्टेबल ब्रजेश कुमार और कांस्टेबल मोन्टी कुमार को सस्पेंड कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है। मामले में होमगार्ड मुकेश शर्मा का नाम भी सामने आया है। उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को पत्र भेजा गया है।
