कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने रविवार को सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव सैयद राजन अहमद रिजवी को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सपा नेता पर एक महिला बैंककर्मी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, उसकी निजी जानकारियां जुटाने, रेकी करने, ब्लैकमेल करने और अश्लील मैसेज भेजने के गंभीर आरोप हैं।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा यह आरोपी अलीगढ़ के ग्राम धर्रामाफी (थाना क्वारसी) में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। मामले की शुरुआत आरोपी राजन रिजवी द्वारा पीड़िता को दिए गए झांसे से हुई थी। पीड़िता मथुरा स्थित एक बैंक में कार्यरत है। आरोपी सपा नेता ने महिला को लालच दिया था कि जैसे ही प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, वह अपने शीर्ष नेताओं से सिफारिश कर उसे सीधे आईएएस अफसर बनवा देगा।
हालांकि, बाद में आरोपी की नीयत और बिगड़ती चली गई। वह बैंक ग्राहक बनकर लगातार बैंक आने लगा और पीड़िता पर नजर रखने लगा। उसने बिना महिला की अनुमति और जानकारी के उसका निजी मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। जब महिला बैंककर्मी ने आरोपी का फोन उठाने और किसी भी तरह के निजी संपर्क से इनकार कर दिया, तो राजन रिजवी उसे उसके निजी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने की धमकियां देने लगा।
आरोपी बैंक के बाहर पीड़िता के वाहन की तस्वीरें लेता था, जो सीसीटीवी फुटेज में भी दर्ज हुआ है। इसके अलावा आरोपी ने पीड़िता के पति, घर, निजी वाहन, घरेलू सहयोगी (कुक) और ड्राइवर तक की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया था। जब महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो राजन रिजवी रात के करीब 9:30 बजे महिला की कालोनी में घूमता हुआ पाया गया। आरोपी ने पीड़िता के पति के आवागमन और सर्विस संबंधी जानकारी जुटाकर दूसरों के आधार पर उनके खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज करवाने का भी प्रयास किया। आरोपी लगातार मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश भेजता था, हालांकि उसने कुछ मैसेज डिलीट कर दिए, लेकिन पीड़िता ने उनके स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लिए थे। पीड़िता करीब एक महीने तक न्याय के लिए पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाती रही। आखिरकार मामले की गंभीरता, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, स्क्रीनशॉट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मथुरा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 (स्टॉकिंग/पीछा करना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 67 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी मथुरा से फरार हो गया था।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी उप-निरीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई गई। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रविवार (27 सितंबर) को दोपहर लगभग 2:50 बजे अलीगढ़ जिले के थाना क्वारसी क्षेत्र के ग्राम धर्रामाफी में दबिश दी और आरोपी सैयद राजन अहमद रिजवी (38) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से 229/9 आंबेडकर सौंख रोड (थाना कोतवाली, मथुरा) का रहने वाला है और वर्तमान में फैज-ए-आम स्कूल मार्ग (थाना सदर बाजार) में रह रहा था। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
