- जागरूकता रैली से दिया दवा सुरक्षा का संदेश
लखनऊ, 25 सितंबर 2026। आर्यकुल कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च में विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026 उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “Empowering Pharmacists for Healthier Futures” और उप-विषय “Swastha Bharat: Combating Antimicrobial Resistance (AMR)” रहा। कार्यक्रम में डी.फार्मा, बी.फार्मा एवं एम.फार्मा विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर दवाओं के जिम्मेदार एवं तर्कसंगत उपयोग, मरीजों की सुरक्षा और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने फार्मासिस्ट शपथ लेकर सुरक्षित औषधि वितरण एवं नैतिक फार्मेसी प्रैक्टिस के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
- क्विज, पोस्टर और रील में दिखी रचनात्मकता
आयोजन के दौरान पैनल डिस्कशन, फार्मा क्विज, पोस्टर प्रेजेंटेशन, फार्मा-साइंटून्स, रील एवं लीफलेट मेकिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां हुईं। विद्यार्थियों ने दवा सुरक्षा, फार्माकोविजिलेंस, तर्कसंगत औषधि उपयोग और AMR जैसे विषयों पर वैज्ञानिक जानकारी के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फार्मा क्विज में हर्ष मिश्रा, जितेंद्र कुमार, अमरनाथ यादव, कृति और अमृता राय विजेता रहे, जबकि विभिन्न अन्य प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
- डॉ. सशक्त सिंह ने विजेताओं को किया सम्मानित
समापन समारोह में आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सशक्त सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग मरीजों एवं समाज के हित में करने का आह्वान किया। कॉलेज के प्राचार्य एवं निदेशक प्रो. (डॉ.) आदित्य सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट की भूमिका केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा, दवा संबंधी परामर्श, तर्कसंगत औषधि उपयोग, फार्माकोविजिलेंस और जनस्वास्थ्य जागरूकता में भी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक ज्ञान के साथ संचार कौशल, नेतृत्व, टीमवर्क और जनजागरूकता के क्षेत्र में प्रतिभा प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान किया।
