बदायूं। उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में देर रात एक निर्माणाधीन मकान का लिंटर अचानक भरभरा कर गिर गया जिसके मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नौगवां नासिरनगर गांव निवासी दलवीर उर्फ पन्नालाल अपने नए मकान का निर्माण करा रहे थे।
हादसे में दो मजदूर दबे
बता दें कि घटना देर रात लिंटर डाला जा रहा था, तभी मकान के पिछले हिस्से का लिंटर अचानक ढह गया। हादसे के वक्त वहां मौजूद शाहजहांपुर जिले के मदनपुर गांव निवासी अवनीश, मकान मालिक दलवीर उर्फ पन्नालाल और चंद्रभान मलबे में दब गए l लिंटर गिरने की तेज आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने तुरंत उसहैत थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से निकाला बाहर
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों को बड़ी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला। लेकिन तब तक अवनीश (28) की मौत हो चुकी थी। घायल दलवीर और चंद्रभान (42) को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात चंद्रभान ने भी राजकीय मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। दलवीर का इलाज अभी भी जारी है, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
एसडीएम ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम विनोद कुमार सिंह गांव पहुंचे, पीड़ित परिवार से मिले और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
