अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का सरगना समेत तीन गिरफ्तार, आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

Lucknow
  • सरोजनीनगर पुलिस की कार्रवाई, 120 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर गिरोह तक पहुंची टीम

लखनऊ। सरोजनीनगर पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।

  • 120 से अधिक सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला

पुलिस के अनुसार सरोजनीनगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने 120 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी, मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद ली। जांच के बाद 17 सितंबर को योगेंद्र कुमार, शिवम कुमार और बासुदेव को गिरफ्तार किया गया।

  • नंबर प्लेट बदलकर करते थे चोरी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अलग-अलग स्थानों पर घूमकर मोटरसाइकिल चोरी करने का मौका तलाशते थे। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट बदल देते थे या उन्हें हटा देते थे। कुछ वाहनों पर कूटरचित नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल अन्य स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने में भी किया जाता था। चोरी के वाहन अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे जाते थे और संख्या बढ़ने पर उन्हें बेचने की तैयारी की जाती थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 11 सितंबर को गौरी बाजार और 14 सितंबर को स्कूटर इंडिया चौराहे से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

  • आठ मोटरसाइकिलें बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से यूपी32एनके-6257, यूपी32क्यूए-1671, बिना नंबर प्लेट की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें, यूपी32जीवी-2410, कूटरचित नंबर प्लेट लगी यूपी32एचवाई-2317, यूपी32पीके-4609 और यूपी32एचसी-7166 नंबर की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

  • सरगना पर पहले से कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरोह के कथित सरगना योगेंद्र कुमार के विरुद्ध लखनऊ और उन्नाव में वाहन चोरी, चोरी का माल रखने तथा गैंगस्टर अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। बासुदेव के विरुद्ध भी पारा थाने में मुकदमा दर्ज है, जबकि शिवम कुमार के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। मामले में सरोजनीनगर थाने में दर्ज दो वाहन चोरी के मुकदमों समेत पारा थाने के एक मुकदमे का भी अनावरण हुआ है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में की गई।