रामसराय भंखरी के जंगल में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, देखने के लिए उमड़ी भीड़

# ## UP

ग्राम राम सराय पायंदापुर के जंगल रामसराय भंखरी में लगभग 6 दिन पूर्व लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया है। वन विभाग ने टीम के साथ पहुंचकर तेंदुए को कब्जे में लिया और डियर पार्क पहुंचा दिया।

मुरादाबाद जिले के कांठ तहसील क्षेत्र के ग्राम रामसराय पायंदापुर में प्रतिदिन तेंदुआ देखे जाने की शिकायत मिल रही थीं। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग ने पवनदीप पुत्र निर्मल सिंह के डेरे के पास लगभग दो सप्ताह पहले एक पिंजरा लगाया था। जिसमें तेंदुआ नहीं फंसा। इसके बाद पवनदीप के कहने पर ही वन विभाग ने वहां से पिंजरा हटाकर समीप ही आम के बाग में एक पिंजरा लगा दिया।

रात्रि किसी समय तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। बुधवार सुबह लगभग 6:00 बजे गांव के ही पवनदीप, अमनदीप आदि ग्रामीणों ने पिंजरे में तेंदुआ फंसा देखा। तेंदुए को देखे जाने के लिए काफी भीड़ इकट्ठा होने लगी।ग्रामीणों की सूचना पर डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह टीम के साथ लगभग 7:00 बजे गांव पहुंच गए। तेंदुए को डियर पार्क में अस्थाई रूप से संरक्षित किया गया है। डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इसी स्थान पर पिछले महीने 24 अगस्त को एक और तेंदुआ पकड़ा जा चुका है। दो दिन पूर्व जंगल में चारा लेने गई ग्राम भरतपुर निवासी  निर्वेश देवी पत्नी विजयपाल सिंह पर हमला कर घायल कर दिया था। डिप्टी वन रेंजर ने बताया कि ग्राम भरतपुर में दो पिंजरे लगाए जा रहे हैं।. उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।। कांठ तहसील की सीमावर्ती ठाकुरद्वारा क्षेत्र में 14 तेंदुए  पकड़े जा चुके हैं। तेंदुए की दहशत से क्षेत्र में किसान जंगल जाते हुए भी भयभीत हैं। मुख्य रोड पर भी तेंदुए सड़क क्रॉस करते हुए देखे जाने पर भी क्षेत्रीय नागरिकों में दहशत व्याप्त है।