नाना की मौत पर लखनऊ पहुंचा किशोर, मातम के बीच हादसे ने छीनी जिंदगी; बाराबंकी में पसरा सन्नाटा

# ## Lucknow

यूपी के बाराबंकी जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 14 साल के किशोर की लखनऊ में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गयी। बता दें कि सुमेरगंज कस्बे के 14 वर्षीय किशोर को नाना के निधन की खबर मिली थी जिसके बाद परिवार के साथ लखनऊ पहुंचे।

पूरा मामला गोमतीनगर के ग्वारी मोहल्ले  का है जहां आधी रात के बाद सामान लेने स्कूटी से निकले किशोर को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया लेकिन इस दौरान अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सुमेरगंज निवासी संतोष कुमार जायसवाल के पुत्र शीतल कुमार के नाना लखनऊ के गोमतीनगर के ग्वारी मोहल्ले में रहते थे। उनके निधन की सूचना पर शीतल भी परिवार के साथ लखनऊ गया था। बताया गया कि आधी रात के बाद वह स्कूटी से कुछ सामान लेने निकला था। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शीतल गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। नाना के निधन से पहले ही परिवार गम में डूबा था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद नाती की मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर दिया। शीतल की मौत की सूचना सुमेरगंज पहुंचते ही कस्बे में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शीतल के असमय निधन से उसके सहपाठियों और शिक्षकों में भी शोक है। रिश्तेदारों व परिचितों ने घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।