श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। चार सितंबर को मनाए जाने वाले जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने इन धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाली बसों और बस स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि जन्माष्टमी के दौरान मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन आदि प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए बसों के संचालन के साथ बस स्टेशनों पर भी परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को बस स्टेशनों, प्रमुख बस अड्डों और धार्मिक स्थलों को जाने वाले मार्गों पर संचालित बसों की निगरानी करने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि बसों और बस स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों तथा वस्तुओं की प्रभावी निगरानी और चेकिंग की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचित किया जाए।
