अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ ने मंगलवार (25 अगस्त) को मॉस्को का दौरा किया. रैटक्लिफ की मॉस्को की अचानक यात्रा से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. ये दौरा उस समय हुआ है जब रूस और अमेरिका के बीच तनाव चल रहा है, जिससे हलचल पैदा हो गई है. रैटक्लिफ की यात्रा को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. रैटक्लिफ की इस अचानक हुई यात्रा से अमेरिका और रूस के बीच बैक चैनल बातचीत की अटकलें लगाई जा रही हैं, क्योंकि CIA चीफ का रूस दौरा एक अप्रत्याशित घटना है.
रिपोर्टों के मुताबिक, CIA प्रमुख बनने के बाद रूस की जॉन रैटक्लिफ की यह पहली ज्ञात यात्रा है. बताया जा रहा है कि रैटक्लिफ ने मॉस्को में कुछ बैठकों में हिस्सा लिया, लेकिन इन बैठकों का मकसद क्या था, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. अमेरिका की सबसे खतरनाक खुफिया एजेंसी CIA के चीफ जॉन रैटक्लिफ आखिर दुनिया से छुपते-छुपाते रूस क्यों पहुंचे हैं, इसको लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
मॉस्को में उतरा अमेरिकी वायुसेना का विमान C-17A
रैटक्लिफ के मॉस्को दौरे की खबर सामने आने से पहले अमेरिकी वायुसेना के एक C-17A ग्लोबमास्टर III सैन्य परिवहन विमान के रूस की राजधानी पहुंचने की खबर सामने आई थी. रैटक्लिफ इसी विमान पर सवार थे. ऑनलाइन फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के डेटा के मुताबिक, अमेरिकी सैन्य विमान अमेरिका से रवाना होकर पहले लातविया गया और वहां से मॉस्को के व्नुकोवो एयरपोर्ट पहुंचा. रूसी समाचार एजेंसी TASS ने भी ऑनलाइन एयर ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम के हवाले से बताया कि Boeing C-17A Globemaster III सोमवार सुबह करीब 10 बजे मॉस्को के समय के अनुसार रूस पहुंचा था.
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान अमेरिका में वॉशिंगटन डीसी के पास स्थित एंड्रयूज एयरफोर्स बेस से रवाना हुआ था. फ्लाइट ट्रैकिंग जानकारी के अनुसार, विमान ने पहले चार्ल्सटन इंटरनेशनल एयरपोर्ट/एयरफोर्स बेस पर लैंड किया और इसके बाद लातविया की राजधानी रीगा पहुंचा. यूरोपीय संघ के हवाई यातायात नियंत्रण से जुड़े एक सूत्र ने भी TASS को बताया कि विमान रीगा से सीधे रूस की ओर गया था. Flightradar24 के डेटा में यह भी दिखाई दिया कि वही विमान मॉस्को पहुंचने के कुछ घंटे बाद वहां से रवाना हो गया.
सीक्रेट यात्रा की खबर से मचा हड़कंप
वॉशिंगटन से लेकर मॉस्को तक इस सीक्रेट यात्रा की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया है. हालांकि, न तो व्हाइट हाउस और न ही क्रेमलिन ने आधिकारिक तौर पर इस दौरे की पुष्टि की है. लेकिन फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो इस बात की गवाही दे रहे हैं कि पर्दे के पीछे कोई बहुत बड़ी रणनीतिक डील चल रही है.
बातचीत के लिए मॉस्को पहुंचे!
रिपोर्ट के मुताबिक, रैटक्लिफ रूस में अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए मॉस्को पहुंचे हैं.पद संभालने के बाद यह उनकी पहली मॉस्को यात्रा है. इसके अलावा जनवरी में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के सत्ता में आने के बाद रूस जाने वाले किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी की यह सबसे उच्चस्तरीय यात्रा मानी जा रही है.
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही बातचीत ठप पड़ी है. रैटक्लिफ की यात्रा यूक्रेन युद्ध और वाशिंगटन और मॉस्को के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक उच्च स्तरीय खुफिया चैनल के इस्तेमाल की ओर इशारा करती है.
खुफिया चैनल से बातचीत क्यों अहम?
अमेरिका और रूस के बीच खुफिया स्तर पर बातचीत आमतौर पर सार्वजनिक कूटनीति से अलग होती है. इस तरह के खुफिया स्तर के संपर्क का उद्देश्य आम तौर पर सार्वजनिक कूटनीति के बजाय जोखिमों का प्रबंधन करना होता है. यह दोनों पक्षों को सीधे संवाद करने, सीमा रेखा स्पष्ट करने, गलतफहमी की संभावना को कम करने और सीमित समझौतों की संभावनाओं का पता लगाने का एक तरीका प्रदान कर सकता है. इनमें परमाणु जोखिम, कैदियों की अदला-बदली या युद्धक्षेत्र में टकराव को कम करने जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं.
यह घटना ऐसे समय में घटित हुई है जब रूस को युद्ध से जुड़े दबाव का सामना करना पड़ रहा. विदेश मंत्री या राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के बजाय CIA निदेशक का मॉस्को की यात्रा करना ज्यादा निजी और प्रत्यक्ष चर्चाओं की अनुमति दे सकता है. CIA निदेशक की यात्रा इसलिए भी खास है क्योंकि खुफिया प्रमुखों को कई बार सार्वजनिक राजनीतिक दबाव से दूर रहकर सीधे और गोपनीय तरीके से बातचीत करने का मौका मिलता है. अगर बातचीत से कोई ठोस समझ नहीं बनती है, तब भी इसे सार्वजनिक विवाद का मुद्दा बनने से बचाया जा सकता है.खुफिया प्रमुख खुलकर और गुप्त रूप से बातचीत कर सकते हैं, जिसे अगर कोई समझौता नहीं होता है तो जनता की नजरों से दूर रखना आसान होता है.
यूक्रेन युद्ध और रूस की स्थिति पर नजर
रैटक्लिफ हाल के दिनों में रूस की सैन्य लामबंदी और युद्ध में हो रहे नुकसान को लेकर सार्वजनिक बयान भी दे चुके हैं. जो यूक्रेन युद्ध की दिशा और रूस की घरेलू स्थिरता पर CIA के ध्यान को दर्शाता है. यह दौरा वाशिंगटन को ड्रोन हमलों, लंबी दूरी के हमलों और परमाणु बयानबाजी से जुड़े बढ़ते जोखिमों के समय रूसी इरादों का आकलन करने के लिए एक सीधा चैनल भी प्रदान कर सकता है.
फिलहाल, रैटक्लिफ की मॉस्को यात्रा रूस और अमेरिका के बीच उच्चस्तरीय पर्दे के पीछे की बातचीत की ओर इशारा करती है. हालांकि, इसे रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने की दिशा में किसी बड़े समझौते का संकेत मानना जल्दबाजी होगी. फिलहाल इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य तनाव को नियंत्रित करना, दोनों पक्षों के इरादों को समझना और युद्ध से जुड़े जोखिमों को कम करने के संभावित रास्ते तलाशना माना जा रहा है.रूस और अमेरिका के बीच चल रही इस गुप्त हलचल पर अब पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं.
