कोतवाली मिलक क्षेत्र के लखीमपुर विष्णु गांव निवासी बजरंग दल के प्रखंड संयोजक सूरज पटेल का शव मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के निकट जंगल में पेड़ से लटका मिला। सूचना परिजन रोते-बिलखते जंगल पहुंचे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मामले में पुलिस ने आदेश शंखधार मुकदमा दर्ज किया है।
मृतक की मौत की खबर फैलते ही हिंदू संगठन के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों और हिंदू संगठन के लोगों ने मृतक सूरज पटेल का शव सीएचसी से कोतवाली मिलक परिसर में ले जाकर नारेबाजी शुरू कर दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि आदेश शंखधार ने सूरज से 10 लाख रुपये की मांग की थी। मांग पूरी न होने पर तुम्हारा घर बुलडोजर से तुड़वा दिया जाएगा की धमकी भी दी थी।
मृतक की पत्नी विनीता ने भी कई गंभीर आरोप लगाए और तहरीर दी। मामला बढ़ता देख अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के आदेश पर पुलिस ने मृतक की पत्नी विनीता की तहरीर पर आरोपी आदेश शंखधार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
