बरेली, । शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इज्जतनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती से वीडियो डिलीट करने के एवज में आठ लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था और शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकियां दे रहा था।
6 साल पहले हुई थी दोस्ती, फिर दिया धोखा
इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बीते 10 अगस्त को थाने पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। शिकायत के अनुसार, जगतपुर पानी की टंकी के पास रहने वाले मोहित कुमार कन्नौजिया से उसकी करीब छह साल पहले दोस्ती हुई थी। कुछ समय बाद आरोपी मोहित ने उसे शादी का झांसा दिया और इसके बाद जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान धोखे से आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी और 8 लाख की डिमांड
हवस का शिकार बनाने के बाद जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी साफ मुकर गया। इसके बाद उसने अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू कर दिया। आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने आठ लाख रुपये नहीं दिए, तो वह इस वीडियो को वायरल कर देगा। इसके साथ ही वह युवती को जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था। आरोप यह भी है कि इस खौफनाक ब्लैकमेलिंग के खेल में मोहित के कुछ रिश्तेदार भी उसका पूरा साथ दे रहे थे।
गल्ला मंडी के पास से हुआ गिरफ्तार, रिश्तेदारों पर भी लटकी तलवार
युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इज्जतनगर पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने जाल बिछाकर मंगलवार को आरोपी मोहित कुमार कन्नौजिया को गल्ला मंडी के पास से दबोच लिया।
इज्जतनगर के इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। ब्लैकमेलिंग और रंगदारी मांगने के इस मामले में आरोपी के जिन-जिन रिश्तेदारों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
