- घाटमपुर में श्रद्धांजलि सभा में पूर्व उपमुख्यमंत्री का विपक्ष पर तीखा हमला, कमल रानी वरुण को बताया जननेत्री
कानपुर/लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष राम मंदिर और सनातन परंपरा को बदनाम करने की साजिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, वही आज राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।

- संसद में सनातन का अपमान बर्दाश्त नहीं
डॉ. शर्मा ने कहा कि संसद परिसर में साधु के वेश में राम मंदिर को लेकर किया गया प्रदर्शन केवल राजनीतिक स्वांग है और यह सनातन परंपरा का अपमान है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश, संस्कृति और सनातन मूल्यों के सम्मान के लिए कार्य करती है। उन्होंने जनता से ऐसे “छद्मवेशी” नेताओं को चुनाव में जवाब देने की अपील की।

- कमल रानी वरुण को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
घाटमपुर में आयोजित विशाल श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मंत्री स्वर्गीय कमल रानी वरुण को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि वह सही मायनों में जननेत्री थीं। उनका जनता से आत्मीय जुड़ाव था और कोरोना संक्रमण से जूझते हुए भी उन्होंने लोगों की सेवा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि कमल रानी वरुण का जीवन जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है।
- सनातन के सम्मान के लिए कार्य कर रही भाजपा
डॉ. शर्मा ने कहा कि सनातन विश्व का सबसे प्राचीन धर्म है, जो सभी को साथ लेकर चलने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामलों में यदि कहीं कोई अनियमितता हुई है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है, लेकिन विपक्ष केवल सनातन को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।
- विपक्ष केवल विरोध की राजनीति में जुटा
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य केवल विरोध करना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने संसद में वंदे मातरम् के सम्मान से जुड़े विधेयक और पेपर लीक रोकने के लिए बनाए गए कठोर कानून का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि छात्रों और देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों का अपमान करना विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का हिस्सा बन गया है।
- प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की कार्यशैली की सराहना
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चौबीसों घंटे देश और प्रदेश की सेवा में लगे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के कोरोना काल के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्तिगत दुख के बावजूद उन्होंने जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। इसके विपरीत विपक्ष देश और प्रदेश की छवि खराब करने में लगा हुआ है।
- कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंत्री राकेश सचान, मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद अशोक रावत, पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, उपेंद्र पासवान, राम सिंह, अनिल मिश्रा, रेणुका सचान, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, विधायक राहुल बच्चा सोनकर, रघुनंदन भदौरिया, सुरेश अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, जयप्रकाश कटियार, समरजीत सिंह, प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, आलोक मिश्रा, बबन शर्मा, विजय सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
