- गोमती तट पर गूंजे ‘जय बंदी माता’ के जयघोष, सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव का हुआ शुभारंभ
लखनऊ। गोमती नदी के तट पर डालीगंज स्थित पौराणिक श्री बंदी माता मंदिर के 44वें वार्षिक उत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। महंत देवेंद्र पुरी जी महाराज के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और आस्था के साथ भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजों और “जय बंदी माता” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
- तीन किलोमीटर तक निकली भव्य शोभायात्रा
मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा अयोध्या मार्ग, डालीगंज पुल, टैगोर मार्ग, मनकामेश्वर मंदिर, लम्बेश्वर मंदिर, जोशी टोला चौराहा और महर्षि वाल्मीकि आशीर्वाद मंडपम होते हुए पुनः श्री बंदी माता मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
- पूजन-अर्चन के साथ हुआ शुभारंभ
शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा लखनऊ महानगर के महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल ने विधिवत पूजन-अर्चन एवं नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर महंत मनोहर पुरी जी महाराज एवं महंत पूजा पुरी जी महाराज ने अतिथियों का चुनरी ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
- सात दिनों तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
महंत मनोहर पुरी जी महाराज ने बताया कि 27 जुलाई से 2 अगस्त तक चलने वाले सात दिवसीय महोत्सव में सप्तचंडी महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा, भजन संध्या, रासलीला, संत सम्मेलन सहित अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समापन अवसर पर मानस सम्मेलन का आयोजन होगा तथा गोमती नदी स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा।
- बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद रेखा रोशनी, उदय सिंह, विष्णु तिवारी, सुनील पटेल, सुशांत वर्मा, कृपा शंकर वर्मा, मुकेश चौरसिया, विशाल वाल्मीकि, जय सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर के मीडिया प्रभारी अनुराग साहू, अशोक राठौड़, वीरू कश्यप, दीपेश कुमार, आलोक चौधरी, पवन सिंह, राजेश जोशी, कुलदीप जोशी, संजय वर्मा, नाथ शरण त्रिपाठी, मुन्ना शर्मा, शिवराज, निर्मल कश्यप सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
