कलयुगी बेटे ने मां पर किये कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार, मौत के बाद आरोपी गिरफ्तार

# ## Gorakhpur Zone

बहराइच। थाना बिशेश्वरगंज क्षेत्र के पुरैना गांव में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे एक हृदयविदारक घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय छैलू पुत्र भगवानदीन ने कथित तौर पर अपनी मां कन्या देवी पत्नी भगवानदीन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी।

मृतका के पति भगवानदीन ने बताया कि उनका पुत्र छैलू घर और खेत के कामों में हाथ नहीं बंटाता था। वह अधिकांश समय घर से बाहर घूमता रहता था। उनके अनुसार, गुरुवार सुबह जब वह आटा लेने जा रहे थे, उस समय छैलू भोजन को लेकर अपनी मां से विवाद कर रहा था, जो उसके लिए सामान्य बात थी। जब वह वापस घर लौटे तो उनकी पत्नी खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थीं।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए जा रहे पड़ोसी सूरज के अनुसार, कन्या देवी अपने पिता जो उनके घर आए हुए थे को चाय देने जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से छैलू ने कुल्हाड़ी से उनकी पीठ के बगल वार किया। चीख सुनकर जैसे ही वह पलटीं, उसने उनके हाथ पर भी वार कर दिया, जिससे वह पेट के बल गिर पड़ीं। आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आरोपी ने कुल्हाड़ी लेकर उन्हें भी दौड़ा लिया। इसके बाद उसने  उनकी गर्दन पर भी वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रथम दृष्टया मृतका के बाएं पेट और बाएं हाथ पर गहरे कट के निशान पाए गए हैं। चोटों के क्रम और मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी छैलू को हिरासत में ले लिया। फिलहाल हत्या के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।