लखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, चौथी मंजिल स्थित कैंटीन से उठीं लपटें

# ## Lucknow

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित जवाहर भवन में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की चौथी मंजिल पर स्थित कैंटीन में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं और लपटें पूरे परिसर में फैल गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार से पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं।राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने के लिए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की एक टीम भी जवाहर भवन पहुंच गई है। सुरक्षा के मद्देनजर भवन के आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के प्रयास में जुटे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने अथवा संपत्ति को हुए नुकसान के संबंध में भी अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान तथा आग लगने के कारणों का आकलन किया जाएगा।