नई दिल्ली: जुलाई महीने की शुरुआत एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है. 1 जुलाई से देश के कई शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है. इससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा फायदा मिलेगा. हालांकि घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलो के गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है. ऐसे में आम घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल पुराने दाम पर ही सिलेंडर खरीदना होगाइंडियन ऑयल की ओर से जारी नए रेट के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,930 रुपये का मिलेगा. पहले इसकी कीमत 3,113.50 रुपये थी. यानी एक सिलेंडर पर 183.50 रुपये की राहत दी गई है. वहीं घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर ही बनी हुई है.
जानिए प्रमुख शहरों में क्या हैं नए रेट
नए रेट के अनुसार लखनऊ में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 979.50 रुपये है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर अब 3,052.50 रुपये में मिलेगा. इससे पहले इसकी कीमत 3,236 रुपये थी. कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 968 रुपये का ही रहेगा. वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटकर 3,081.50 रुपये हो गई है, जो पहले 3,255.50 रुपये थी. पटना में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1,031.50 रुपये का मिल रहा है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,227 रुपये तय की गई है. दूसरी ओर, लेह में घरेलू सिलेंडर 1,196.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,594.50 रुपये का उपलब्ध रहेगा.
इस साल पहली बार मिली राहत
साल 2026 में पहली बार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी दर्ज की गई है. इससे पहले लगातार कई महीनों तक इसकी कीमतों में बढ़ोतरी होती रही थी. दिल्ली में दिसंबर 2025 में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,580.50 रुपये थी. इसके बाद जनवरी 2026 में यह बढ़कर 1,691.50 रुपये और फरवरी में 1,740.50 रुपये हो गई. मार्च की शुरुआत में इसमें 28 रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिससे इसकी कीमत 1,768.50 रुपये तक पहुंच गई. इसके कुछ ही दिनों बाद 7 मार्च को फिर 114.50 रुपये की वृद्धि हुई और सिलेंडर 1,883 रुपये का हो गया. अप्रैल में इसकी कीमत बढ़कर 2,078.50 रुपये पहुंच गई.
मई और जून में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में सबसे बड़ा उछाल मई 2026 में देखने को मिला. उस महीने कीमत में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी हुई और दिल्ली में इसका रेट सीधे 3,071.50 रुपये तक पहुंच गया. इसके बाद जून में भी राहत नहीं मिली और 42 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी के साथ इसकी कीमत 3,113.50 रुपये हो गई थी. अब जुलाई में पहली बार कीमत घटने से कारोबारियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
घरेलू सिलेंडर की कीमत में नहीं हुआ बदलाव
जहां कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ है, वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम पहले जैसे ही बने हुए हैं. इस बार 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है. घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इस साल दो बार बढ़ोतरी हो चुकी है. 7 मार्च 2026 को इसकी कीमत में 60 रुपये का इजाफा किया गया था, जिससे दिल्ली में सिलेंडर 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये का हो गया. इसके बाद 7 जून को फिर 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई और कीमत 942 रुपये पहुंच गई. यानी इस वर्ष अब तक घरेलू गैस सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है.
