Barabanki News : गूंजी या हुसैन की सदाएं, नम आंखों ने दफ्न किए ताजिए, जुलूसों में उमड़ा सैलाब, दीदार में बरसी आखें

# ## Lucknow

 दसवीं मोहर्रम के मौके पर जिले भर में अकीदतमंदों ने गम और अकीदत के साथ इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में ताजियों के जुलूस निकाले। शुक्रवार की सुबह से शुरु हुआ जुलूसों का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान शामिल लोगों ने कलाओं का प्रदर्शन किया और जगह-जगह पर जंजीर और कमां का मातम कर कर्बला की यादें ताजा कीं। इस दौरान “या हुसैन” की सदाएं गूंजती रहीं।

शहर के कटरा स्थित मीर मासूम अली के इमामबाड़े से ताजिया जुलूस निकला, जो सिटी चौकी, घंटाघर, धनोखर होते हुए निबलेट तिराहे तक पहुंचा। वहीं, देवा रोड स्थित मौलाना गुलाम अस्करी हाल, बेलहरा हाउस और लाइनपुरवा से ताजिए का जुलूस भी निबलेट तिराहे पर आकर इस मुख्य जुलूस में शामिल हुआ। जुलूस में नौजवानों और मासूम बच्चों ने बेगमगंज स्थित शाही मस्जिद के पास खूनी जंजीरी मातम कर इमाम हुसैन की शहादत को श्रद्धांजलि अर्पित की।कोतवाली होते हुए कर्बला पहुंचने के बाद ताजियों को दफ्न किया गया। अहले सुन्नत समुदाय के लोगों ने भी कर्बला दूर है, जाना जरूर है जैसे नारों के साथ अपनी अकीदत का इज़हार किया। इनका जुलूस नगर के फजलुर्रहमान पार्क से निकला और हजारों की संख्या में ताजियादारों ने बेगमगंज स्थित कर्बला पहुंचकर ताजियों को सुपुर्दे-खाक किया। ताजियों के जुलूसों के चलते कर्बलाओं और कब्रिस्तानों पर मेले जैसा माहौल बना रहा। रामनगर प्रतिनिधि के अनुसार जुलूस की शुरुआत बुढ़वल स्थित दरगाह से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होकर कस्बा रामनगर पहुंचा।

इस दौरान थाने के सामने ताजियादारों की भारी भीड़ उमड़ी।शामिल अकीदतमंदों ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। देर शाम ताजियादारों ने कर्बला पहुंचकर गमगीन माहौल में ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया। इस दौरान या हुसैन की सदाओं से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जुलूस सकुशल संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद त्रिपाठी ने पुलिस क्षेत्राधिकार गरिमा पंत कोतवाल अरुण प्रताप सिंह तथा के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। इस मौके पर कमेटी से जाबिर, मोहम्मद जाबिर खान अंसार जलील उमर बेग, कादिर आदि मौजूद रहे।