बॉलीवुड के असली खिलाड़ी अक्षय कुमार हैं और उन्होंने फिर से यह साबित कर दिया है। सुपरस्टार ने एक बार दर्शकों को हंसाने का बीड़ा उठाया, जिसमें वे सफल रहे। ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’ और ‘वेलकम’ जैसी कॉमेडी फिल्मों से थोड़ी अलग ‘वेलकम टू द जंगल’ आपको शुरू से अंत तक खूब हंसाएगी। फिल्म में इमोशन और कॉमेडी को बहुत ही यूनीक तरीके से दिखाया गया है। इसकी कहानी और डायलॉग ही इसे अलग बनाता है। फिल्म के पहले सीन में ही एक किरदार कहता है, ‘वेलकम वेलकम वेलकम यानी तीन बार वेलकम। यह है वेलकम 3।’ अगले 164 मिनट तक, फिल्म का नाम बार-बार दोहराया जाता है ताकि आप इसे भूल न जाएं! नाम की तरह फिल्म में भी दम था। भोजपुरी गाने, हर किरदार के बीच की नोक-झोंक, देशभक्ति से लेकर दोस्ती और दुश्मनी से भरपूर हर सीन आपके दिलों-दिमाग पर कब्जा कर लेगा। फिल्म के क्लाइमैक्स से ज्यादा बेहतरीन इंटरवल है, जिसमें एक सरप्राइज है।
लोकप्रिय वेलकम फ्रेंचाइजी की नई किस्त ‘वेलकम टू द जंगल’ के साथ बड़े पर्दे पर लौट आए हैं। अहमद खान की कॉमेडी एंटरटेनर में अक्षय के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा शामिल हैं। इस फिल्म में लगभग 34 जाने-माने कलाकार हैं, जिन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। अब सबकी नजरें ‘वेलकम टू द जंगल’ पर टिकी हैं। क्या यह फिल्म आपके समय और पैसे के लायक है? यह जानने के लिए आगे पढ़ें।
वेलकम टू द जंगल की कहानी
फिल्म की शुरुआत एक अमीर बिजनेसमैन (जाकिर हुसैन) से होती है, जो इनकम टैक्स रेड से बचने के लिए अपना नुकसान करने पर तुला होता है। वह फ्लॉप डायरेक्टर देव (राजपाल यादव) और दास (परेश रावल) के साथ 2,000 करोड़ रुपये की फिल्म बनाने का फैसला करता है और इसमें राजीव (अक्षय कुमार) जैसे फ्लॉप एक्टर्स को कास्ट करता है, जो बॉलीवुड छोड़ भोजपुरी फिल्मों में काम करने लगता है। मजनू का भाई रोमियो (अरशद वारसी) और उदय का भाई येडा अन्ना (सुनील शेट्टी) भी फिल्म की कास्ट में शामिल हो जाते हैं। शूटिंग शुरू होती है और यह कहानी इंडियन आर्मी के बैकग्राउंड पर आधारित है। एक सिचुएशन की वजह से टीम को शूटिंग पूरी करने के लिए बॉर्डर के पास आजाद गंज नाम के एक असली गांव में जाना पड़ता है, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें पता चलता है कि गांव वालों पर एक खूंखार आतंकवादी जतारा (जैकी श्रॉफ) का खतरा मंडरा रहा है। क्लाइमैक्स में इन सभी स्टार्स का आमना-सामना एक असली आतंकवादी से होता है और तब क्या होता है। यही सब फिल्म में दिखाया गया है, जिसे जानने के लिए आपको सिनेमाघरों में फिल्म देखनी होगी।
वेलकम टू द जंगल के डायलॉग्स और स्क्रीनप्ले
‘वेलकम टू द जंगल’ को स्वर्गीय नीरज वोरा ने लिखा है, जो ‘हेरा फेरी’ फ्रैंचाइजी, ‘हलचल’, ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’ जैसी मजेदार फिल्में लिखने के लिए मशहूर थे। फिल्म के डायलॉग फरहाद सामजी ने लिखे हैं और अहमद खान ने इसे डायरेक्ट किया है। वोरा की कहानी और स्क्रीनप्ले और सामजी के डायलॉग्स ने फिल्म के लिए कमाल किया है। कास्ट के डायलॉग्स ने कहानी में जान फूंक दी। फिल्म की शुरुआत थोड़ी फीकी होती है और लगभग 30 मिनट तक यह हमें बोरिंग लगती है, लेकिन बाद में यह बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ती है और खूब हंसाती है। कुछ सीन आपको जोर-जोर से हंसाएंगे और सामाजिक मुद्दों पर बेस्ड वन-लाइनर्स में ह्यूमर तड़का भी लगाया है। इस फिल्म में भी ‘मुन्नी’ वाला एक मोमेंट है, लेकिन ‘बजरंगी भाईजान’ के उलट यहां मुन्नी जंगल में खो जाती है और बाद में अपनी मां को कुछ मिनट बाद मिल जाती है।
वेलकम टू द जंगल की एक्टर्स की परफॉर्मेंस
‘वेलकम टू द जंगल’ में स्टार्स की भरमार है। अक्षय कुमार लीड रोल में हैं और हमेशा की तरह फिल्म में उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कॉमेडी के मामले में उनका कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने इमोशनल सीन्स में भी कॉमेडी का तड़का लगाने की कोशिश की और काफी हद तक सफल रहे। इस फिल्म में उनके किरदार ने रोमांटिक, इमोशनल, फनी और एक्शन से भरपूर कई सीन को बहुत ही शानदार तरीके से पेश किया है।
अक्षय के बाद सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े और राजपाल यादव ने अपनी परफॉर्मेंस से सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। जॉनी लीवर, राजपाल यादव और एक्टर श्रेयस को फिल्म में कुछ बेहतरीन सीन और डायलॉग मिले हैं।
वहीं, तुषार कपूर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदु दारा सिंह, पंकज धीर, फिरोज खान, पुनीत इस्सर और जैकी श्रॉफ ने भी अपने रोल को बहुत अच्छे से निभाया और उन्हें लोगों का दिल जीतने के लिए काफी टाइम मिला। हालांकि, मेकर्स को कृष्णा और कीकू के किरदार का और बेहतर इस्तेमाल करना चाहिए था।
फीमेल लीड्स की बात करें तो फरीदा जलाल और रवीना टंडन को सबसे अहम रोल मिले हैं। फरीदा जलाल फिल्म में कमाल की हैं और उनकी कॉमिक टाइमिंग एकदम परफेक्ट थी। क्लाइमैक्स में फरीदा का एक सीन आपको बहुत हंसाएगा, जो सिनेमाघरों से बाहर आने के बाद भी याद रह जाएगा। वहीं, रवीना टंडन फिल्म में इमोशनल पहलू को बखूबी निभाती दिखाई दीं। बड़ी बी के रोल में फरीदा जलाल और मुराद चाचा के रोल में किरण कुमार ने शानदार कॉमिक टाइमिंग दिखाई है और हर सीन में खूब एंटरटेन किया हैं। दोनों ने मिलकर खूब हंसाया है।
जैकलिन फर्नांडिस और दिशा पाटनी अपने रोल में ठीक-ठाक लगे। हालांकि, जैकलिन का किरदार थोड़ा बेहतर था। लारा दत्ता अपने कैमियो रोल में अच्छी लगी, लेकिन कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं।
इस फिल्म की सरप्राइज एंट्री में उर्वशी रौतेला का नाम सबसे पहले आता है। पहली ऐसी भारतीय एक्ट्रेस हैं, जिनका इतनी बड़ी फ्रेंचाइजी फिल्म में 1 मिनट का रोल है।
यशपाल शर्मा, मुकेश तिवारी, आफताब शिवदासानी, सयाजी शिंदे, हेमंत पांडे और नवाब शाह ने सपोर्टिंग रोल में शानदार काम किया है। उनके डायलॉग्स ने सबका ध्यान खींचा और यह साबित कर दिया कि स्क्रीन टाइम से ज्यादा दमदार परफॉर्मेंस मायने रखती है। इसके अलावा ‘वेलकम टू द जंगल’ में चार सरप्राइज एंट्री भी है, जिसके बारे में आपको फिल्म देखकर पता चल जाएगा।
‘वेलकम टू द जंगल’ म्यूजिक
‘वेलकम टू द जंगल’ के गाने ठीक-ठाक हैं। ‘घिस-घिस’ और ‘ऊंचा लंबा कद फॉरएवर’ के अलावा, कोई भी गाना खास असर नहीं छोड़ता। भले ही दिशा ने ‘ऊंचा लंबा कद फॉरएवर’ में खुद को बहुत अच्छा दिखाने की कोशिश की, लेकिन कैटरीना कैफ की कमी खलती है। विक्रम मोंट्रोज, आनंद राज आनंद और तलविंदर का गाना भी कुछ खास नहीं लगा।
वेलकम टू द जंगल का सेकंड हाफ
‘वेलकम टू द जंगल’ का दूसरा हाफ ठीक-ठाक शुरू होता है, लेकिन कुछ मिनटों के बाद फिर से मजेदार सीन शुरू हो जाते हैं और आप लगातार हंसते रहेंगे। फिल्म का क्लाइमैक्स ऐसे पलों से भरा है जो आपको हंसते-हंसते लोटपोट कर देंगे। साथ ही, दूसरी फिल्मों के रेफरेंस भी फिल्म में देखने को मिले।
