फिरोजाबाद-अलीगढ़ को 1,120 करोड़ विकास कार्यों की सौगात, सीएम योगी करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

# ## UP

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को ‘कांच नगरी’ फिरोजाबाद और ‘ताला नगरी’ अलीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री दोनों जिलों में कुल मिलाकर 1,120 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को दोनों क्षेत्रों के विकास और जनसशक्तीकरण के लिए एक नया अध्याय बताया है।

सीएम योगी ने ‘एक्स’ पर दी जानकारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए इस विकास उत्सव की जानकारी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “”कांच नगरी’ फिरोजाबाद और ‘ताला नगरी’ अलीगढ़ आज विकास एवं जनसशक्तीकरण के नए अध्याय की साक्षी बनेंगी।”

जानिए दोनों जिलों को मिलने वाली परियोजनाओं का पूरा ब्यौरा

फिरोजाबाद (कांच नगरी): यहाँ मुख्यमंत्री द्वारा 658 करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत से तैयार होने वाली 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।

अलीगढ़ (ताला नगरी): यहाँ 462 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण होने वाली 85 विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात जनता को सौंपी जाएगी।

लाभार्थियों को बांटी जाएंगी ‘गृह-चाबी’ और प्रमाण-पत्र

इस विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल बुनियादी ढाँचे का ही शिलान्यास नहीं करेंगे, बल्कि जनसशक्तीकरण के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों को उनके नए घरों की ‘गृह-चाबी’ भी सौंपेंगे। इसके साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, चेक और आवश्यक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। परियोजनाओं के महत्व पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “विकास की परियोजनाएं और लाभार्थियों के चेहरे पर मुस्कान, यही है ‘नए उत्तर प्रदेश’ की पहचान।”