रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के कोतवाली लालगंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के टिकरान गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक नशे के आदी युवक ने अपने ही पिता की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से ही पूरे गांव और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
नशे की धुत्त में लाठी-डंडों से किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टिकरान गांव के रहने वाले 56 वर्षीय देवता प्रसाद पासी (पुत्र पंची पासी) का अपने बेटे दिलीप के साथ पैसों को लेकर कुछ विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान ही नशे में पूरी तरह धुत दिलीप ने आपा खो दिया और अपने पिता पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि चोटों के कारण देवता प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी की तलाश जारी
वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली लालगंज पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मौके पर सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने पहुंचकर कानूनी औपचारिकताएं और मामले की लिखापढ़ी पूरी की। लालगंज के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी बेटे दिलीप के खिलाफ हत्या की संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी की पुलिस टीमें तेजी से तलाश कर रही हैं और उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
