नीट की पुनर्परीक्षा (NEET Re-Exam) कल-21 जून को है। देश के 22 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स दोबारा परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा से ठीक एक दिन पहले महाराष्ट्र से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नागपुर के एक अभ्यर्थी को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबूधाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। इस बड़ी चूक पर एनटीए एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। पीड़ित छात्र के परिवार ने एनटीए में शिकायत दर्ज कराई है।
नागपुर के अब्दुल्ला तालिब ने नीट के लिए नागपुर को ही पहली पसंद के रूप में चुना था। लेकिन शनिवार को जब उन्होंने अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड किया तो अबूधाबी में परीक्षा केंद्र देखकर दंग रह गए। एनटीए की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने कहा कि इतने कम वक्त में यूपीई में परीक्षा दे पाना असंभव है। हालांकि एनटीए ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए संशोधित प्रवेश पत्र निकालने का आश्वासन दिया है।
देहरादून में धारा-163 लागू
नीट यूजी परीक्षा को लेकर शासन और प्रशासन इस बार हाईअलर्ट पर है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार मिश्रा ने परीक्षा को लेकर देहरादून में धारा-163 लागू कर दी है। कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर ये आदेश जारी किया गया है।
