उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर मोहल्ले में 20 जून की दोपहर करीब तीन बजे उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब 8 से 10 बाइक सवार युवकों के झुंड ने एक युवक पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने युवक गौरव सिंह पर ईंट-पत्थरों से हमला करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जिसमें सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू करने के साथ ही बाइक सवार हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
आसपास के दुकानदारों बीच-बचाव किया
फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर मोहल्ले में दिनदहाड़े हुई इस वारदात में आसपास के दुकानदारों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और उस युवक की जान बचाई। दुकानदारों के विरोध और हस्तक्षेप के बाद बाइक सवार हमलावर मौके से भाग निकले। ईंट-पत्थर चलते देख बाजार में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। वहीं अचानक हुए हमले से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के दौरान हुई मारपीट और हमलावरों की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं जिसमें इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सदर कोतवाली ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है।
मामले की होगी गहन जांच
इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इस मामले में जिस युवक गौरव सिंह पर हमला हुआ उसने बताया कि इससे पहले भी ये लोग तीन से चार बार ऐसा कर चुके हैं जिसमें उन्होंने ईंट-पत्थरों से हमला किया है। हमारा इनसे 7 से 8 महीने पहले विवाद हुआ था जिसमें मुकदमा भी दर्ज हुआ था और उसके बाद से हमारा इन लोगों से किसी तरह का कोई लेना-देना नहीं है।
