नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी

# ## UP

      लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र में संयुक्त रूप से जेवर एयरपोर्ट तक संचालित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की 45 इलेक्ट्रिक बसों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाई। इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत के साथ ही, मुख्यमंत्री ने नए नोएडा बस डिपो का भी उद्घाटन किया, जिससे इलाके के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क की क्षमता बढ़ गई है।   

 नोएडा सेक्टर-90 बस डिपो से चलेंगी बसें

नई इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, 100 इलेक्ट्रिक बसें (जिनमें 10 डबल-डेकर बसें शामिल हैं) तैनात की गई हैं और सेक्टर-90 बस डिपो से चलने के लिए तैयार हैं।

इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर जनपद के अंदर एक बड़े लक्ष्य को लेकर के हम आगे बढ़े हैं। नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में आज आपको परिवर्तन देखने को मिल रहा होगा। 2017 के पहले का उत्तर प्रदेश में टूटी हुई सड़कें थी और बिजली नदारत थी। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अराजकता पूर्ण वातावरण था। प्रदेश के अंदर चारों ओर अव्यवस्था, अराजकता के वातावरण में प्रदेश के नागरिकों के सामने पहचान का एक संकट खड़ा हुआ था।

प्रदेश के कई जिलों में एयरपोर्टः योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप सोचो ना… कभी त्रेता युग में भगवान श्री राम पुष्पक विमान से अयोध्या आए होंगे। लेकिन इसके बाद कभी अयोध्या वासियों को वायु सेवा प्राप्त नहीं हो पाई होगी। हजारों वर्षों तक अयोध्या उपेक्षित थी। आजादी के बाद भी लगातार अपमानित थी। आज अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर के तैयार है और महर्षि वाल्मीकि को समर्पित एयरपोर्ट आज अयोध्या में संचालित हो रहा है। लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट, काशी में इंटरनेशनल एयरपोर्ट, कुशीनगर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नोएडा जो जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट है।