ऑरेंज कैप की जंग अब और भी ज्यादा दिलचस्प हो गई है। दरअसल विराट कोहली ने आईपीएल में एक और शतक ठोक दिया है। इसके बाद उन्होंने कई बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए फिर से ऑरेंज कैप के लिए अपना दावा ठोक दिया है। ऐसे में अब ये रेस काफी रोमांचक मुहाने पर आकर खड़ी हो गई है। हालांकि कोहली अपने 500 रन पूरे करने से बाल बाल चूक गए हैं।
हेनरिक क्लासेन ने अब तक बनाए हैं इस सीजन के आईपीएल में सबसे ज्यादा रन
आईपीएल इस सीजन अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन हैं। उन्होंने 12 मैच खेलकर 508 रन बना लिए हैं। गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन ने 12 मैच खेलकर 501 रन बनाए हैं। यही दो बल्लेबाज ऐसे हैं, जिन्होंने अब तक इस सीजन 500 से अधिक रन बनाने में कामयाबी हासिल की है। ऑरेंज कैप की जंग में काफी पीछे रह गए विराट कोहली ने अब धमाकेदार अंदाज में फिर से एंट्री मारी है। जबरदस्त शतक लगाने के बाद वे तीसरे नंबर पर आ गए हैं।
विराट कोहली ने पूरे कर लिए 484 रन, तीसरे नंबर पर पहुंचे
विराट कोहली ने इस साल के आईपीएल में अब तक 12 मैच खेलकर 484 रन बना लिए हैं। बुधवार रात केकेआर के खिलाफ कोहली ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और 60 बॉल पर 105 रन बना दिए। कोहली इस वक्त 53.78 के औसत और 165.75 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। जो टॉप के दोनों बल्लेबाजों से काफी बेहतर है। कोहली ने अब तक 53 चौके और 18 छक्के लगाए हैं। बुधवार को वे जीत के बाद नाबाद रहे, इसका भी फायदा उन्हें मिला है।
अभिषेक शर्मा और केएल राहुल नीचे गए, गिल टॉप 5 से भी बाहर
इस बीच अभिषेक शर्मा अब नंबर चार पर चले गए हैं। उन्होंने 12 मैच खेलकर 481 रन अब तक बनाए हैं। केएल राहुल ने 12 मैच खेलकर 477 रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं। यानी वो 5 बल्लेबाज हैं, जो इस वक्त ऑरेंज कैप की रेस में काफी आगे चल रहे हैं। कोहली के छलांग लगाने से शुभमन गिल अब टॉप 5 से बाहर हो गए हैं। वे अब तक 11 मैच खेलकर 467 रन बना चुके हैं। वैभव सूर्यवंशी भी अब बहुत नीचे चले गए हैं। उन्होंने 11 मैच खेलकर 440 रन बनाए हैं। हालांकि अभी काफी मैच बाकी हैं और ये कह पाना मुश्किल है कि आखिर में कौन सा खिलाड़ी इस कैप पर कब्जा करेगा।
