लखनऊः लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए राहत की खबर! इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे चल रही लखनऊ की टीम को अब मजबूत बल्लेबाज मिल गया है। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंगलिस आखिरकार टीम से जुड़ गए हैं।
इंगलिस को आईपीएल 2026 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8 करोड़ 60 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन अपनी शादी के कारण वह शुरुआती मैचों में टीम के साथ नहीं जुड़ पाए थे। 18 अप्रैल 2026 को ऑस्ट्रेलिया के मार्गरेट रिवर में अपनी मंगेतर मेगन किनकार्ट से शादी करने के बाद अब जोश पूरी तरह उपलब्ध हो गए हैं।
LSG की मौजूदा हालत
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक 8 मैच खेले हैं, जिसमें सिर्फ 2 जीत और 6 हार के साथ सिर्फ 4 अंक हासिल किए हैं। टीम लगातार 5 मैच हार चुकी है और पॉइंट्स टेबल में सबसे आखिरी स्थान पर है। 4 मई को होने वाले अगले मैच से पहले इंगलिस का शामिल होना टीम के लिए बड़ा बूस्ट माना जा रहा है।
जोश इंगलिस के पिछला रिकॉर्ड
इससे पहले जोश इंगलिस पंजाब किंग्स की टीम से खेल चुके हैं। पिछले सीजन में उन्होंने 11 मैचों में 162.57 के शानदार स्ट्राइक रेट से 278 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था। पंजाब ने उन्हें रिलीज कर दिया था, जिसके बाद लखनऊ ने उन्हें भारी कीमत चुकाकर अपनी टीम में शामिल किया।टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि इंगलिस के आने से मध्यक्रम और फिनिशिंग में मजबूती आएगी और लखनऊ प्ले-ऑफ की रेस में वापसी कर सकेगा।
