साइबर फ्रॉड का खतरा टीचर ने समझाया, मासूम तन्मय ने परिवार बचाया

# ## Bareilly Zone

 थाना प्रेमनगर क्षेत्र में लाखों के साइबर फ्रॉड के परिवार को बचाने वाला कक्षा आठ का छात्र तन्मय पूरे समाज की नजरों में हीरो बन गया है। तन्मय ने खतरा भांपकर प्रयास न किए होते तो मम्मी-पापा के बैंक खाते में जमा लाखों की रकम लुट जाती। यह होनहार बच्चा रामपुर गार्डन स्थित शांति इंटर कॉलेज में पढ़ता है। कॉलेज के शिक्षकों ने पढ़ाई के साथ क्लास में साइबर खतरों के बारे में सिखाया था, जो उसके काम आया और अनहोनी टल गई।

बरेली शहर देहात में साइबर ठगी की तमाम घटनाएं हो चुकी हैं। अज्ञात अपराधी तरह-तरह से वीडियो और वॉइस कॉल या चेटिंग कर लोगों को शिकार बनाते हैं। साइबर क्रिमनिल कभी खुद को सीबीआई अफसर बताकर धमकाते हैं तो कभी एटीएस व पुलिस बनकर। कितने ही लोगों को आतंकित कर उनके बैंक खाते खाली किए जा रहे हैं। सरकार और रिजर्व बैंक लोगों को इस तरह के फ्रॉड से बचने की अपीलें कर रहे हैं। लोगों को बार-बार सचेत किया जा रहा है कि अपने बैंक अकाउंट, एटीएम पिन की जानकारी किसी के साथ भी साझा न करें, लेकिन इसके बाद भी लोग ठगों के जंजाल में फंसकर लुट रहे हैं।

सुरखा बानखाना मोहल्ले में रहने वालीं टीचर राशी सक्सेना के नाम से पुणे कोर्ट का फर्जी वारंट भेजकर और उनका आतंकियों से कनेक्शन बताकर ठगों ने शिकार बनाने की कोशिश की थी। दहशत में टीचर व उनके पति बैंक अकाउंट की डिटेल भी अपराधियों को दे चुके थे, लेकिन साइबर अपराधियों के बारे में जानकारी रखने वाले उनके बेटे तन्मय ने पूरा षडयंत्र नाकाम कर दिया। तन्मय ने पिता और पड़ोसियों को सचेत कर पुलिस न बुलवाई होती तो परिवार की खून-पसीने की कमाई के बैंक में जमा लाखों रुपये लुट जाते।

डिजिटल अरेस्ट होने से ऐसे बचें
0 कोई भी सरकारी एजेंसी या पुलिस कभी भी इंटरनेट कॉल नहीं करती।
0 वीडियो या वॉइस कॉल कर किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं किया जाता।
0 किसी के पास ऐसा धमकी भरा फोन आए तो तुरंत कॉल काट दें।
0 पुलिस, सीबीआई, एटीएस अधिकारी बताकर डराएं तो बात न करें।
0 किसी को भी अपने बैंक अकाउंट, एटीएम पिन के बारे में जानकारी न दें।
0 साइबर अपराध से बचने को पता होते ही पुलिस व कंट्रोल रूम को फोन करें।
0 किसी के मांगने पर मोबाइल में आया बैंक का ओटीपी भूलकर भी साझा न करें।
0 कुछ भी गड़बड़ लगने पर सबसे पहले परिवार के बाकी लोगों को जानकारी दें।
0 खाते से पैसा गायब होने पर तुरंत पुलिस व बैंक को सूचना देकर मदद लें।