चिनहट के जुग्गौर में सोमवार को अवैध प्लाटिंग ध्वस्त करने गई एलडीए की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। बिल्डर और उसके सहयोगियों ने कार्रवाई का विरोध करके अफसरों और पुलिस से नोकझोंक की। बात नहीं बनी तो काफी संख्या में एकजुट हाेकर टीम पर हमले का प्रयास किया। जेई समेत अन्य कर्मचारियों को दौड़ा लिया। किसी तरह टीम जान बचाकर वहां से भाग आई और कार्रवाई रोकनी पड़ी।
जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि पुनः तिथि निर्धारित करके पुलिस बल के सहयोग से किसान पथ के आसपास वेलनेस सिटी से आच्छादित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सभी अवैध प्लाटिंग ध्वस्त करेंगे।
सैरपुर और खदरा में तीन अवैध निर्माण सील
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि शिव मंगल प्रसाद व अन्य द्वारा सैरपुर में आईआईएम रोड स्थित ग्राम पलहरी में अवैध रूप से दुकानों व भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह रैथा रोड पर आदित्य इंटरप्राइजेज के प्रबंधक द्वारा अवैध रूप से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। वहीं, मोहम्मद शाजिद खान व अन्य द्वारा खदरा, फैजुल्लागंज में अवैध रूप से आवासीय भवन का निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन तीनों अवैध निर्माण को सील किए गए।
