यूपीसीएल ने बिजली बिल जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। ऊर्जा निगम ने बिजली बकाया भुगतान नहीं करने पर एआरटीओ कार्यालय का कनेक्शन काट दिया है। वहीं, अन्य बकायदारों पर भी कार्रवाई शुरु कर दी है।इन दिनों यूपीसीएल की कार्रवाई से उपभोक्ताओं समेत सरकारी विभागों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग बकायेदारों से बकाया वसूल रहा है। वहीं, लंबे समय से बकाया जमा नहीं करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। पहले चरण में नोटिस भेजने के साथ ही अब कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है।
इधर, ऊर्जा निगम के मुताबिक, एआरटीओ की ओर से करीब चालीस हजार रुपये का बिल का भुगतान किया जाना है। वहीं, वित्तीय वर्ष पूरा हो गया है, लेकिन अब भी ऊर्जा निगम छह करोड़ 54 लाख का ही बकाया वसूल सका है। चेतावनी देने के बाद भी बिलों का भुगतान नहीं करने पर ऊर्जा निगम की ओर से कार्रवाई भी की गई है।
अब तक 24 के कनेक्शन काटे
ऊर्जा निगम ने अब तक आईटीआई, डीएफओ सिविल सोयम कार्यालय समेत कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के भाई व ताकुला ब्लॉक प्रमुख के पति दीपक आर्या समेत 24 लोगों का भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटे गए है। हालांकि कैबिनेट मंत्री के भाई ने कुछ बिलों का भुगतान कर दिया है।
ईई, ऊर्जा निगम अल्मोड़ा कन्हैया जी मिश्रा ने बताया कि ऊर्जा निगम बकाया बिल की वसूली कर रहा है। विभाग ने अब तक बकाया जमा नहीं करने वाले 24 लोगों के कनेक्शन काट चुका है। वहीं, बिल जमा नहीं करने पर एआरटीओ कार्यालय का कनेक्शन काटा गया है।
