यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में बड़ा खुलासा: कीकर जंगल में बैठकर करा रहे थे नकल, STF ने 6 को दबोचा

# ## Lucknow

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में सामूहिक नकल कराने वाले गिरोह का खुलासा एसटीएफ ने किया है। इस मामले में एसटीएफ ने सॉल्वर, अध्यापक और विद्यालय प्रबंधक के पुत्र समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से उत्तर पुस्तिकाएं, मूल प्रश्नपत्र, की-प्लान व छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ आगरा यूनिट के एएसपी राकेश के मुताबिक, सूचना मिली कि बोर्ड परीक्षा में सामूहिक नकल कराई जा रही है। इस पर एसटीएफ की टीम ने इनपुट जुटाया। पुष्टि हुई कि बेवर के श्रीमहाराज सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, जोत में प्रबंधक, प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक, अध्यापक, कक्ष निरीक्षक और सॉल्वरों की मिलीभगत से मोटी रकम लेकर संगठित रूप से नकल कराई जा रही है। एसटीएफ ने प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद उप जिलाधिकारी भोगांव/किशनी संध्या शर्मा, डीआईओएस सतीश कुमार तथा स्थानीय पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की।

कीकर के जंगल में बैठकर करा रहे थे नकल

एसटीएफ के अधिकारी के मुताबिक, कॉलेज से करीब 300 मीटर दूर कीकर जंगल में दबिश के दौरान छह लोग गिरफ्तार किये गये। आरोपियों में बेबर कल्याणपुर निवासी कॉलेज प्रबंधक का पुत्र आशीष, भारापुर निवासी शिक्षक अरुण कुमार उर्फ टिंकू, कल्याणपुर का अंकित उर्फ प्रशांत, जासमई का रहने वाला साल्वर शिवा चौहान उर्फ शिव प्रताप सिंह, कल्याणपुर का अवनीत उर्फ अभिजीत सिंह और मानिकपुर का शिक्षक व साल्वर अनूप कुमार शामिल हैं।

आरोपियों के पास मिली लिखित उत्तर पुस्तिकाएं

एएसपी के मुताबिक, छापेमारी में आरोपी के पास से इंटरमीडिएट गणित की लिखित उत्तर पुस्तिकाएं, जीव विज्ञान का मूल प्रश्नपत्र, की-प्लान की छायाप्रतियां, सिटिंग प्लान, परीक्षार्थियों का विवरण रजिस्टर तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रधानाचार्य अमरीश और प्रबंधक के पुत्र आशीष की मिलीभगत से सॉल्वर परीक्षार्थियों की कॉपियां लिखते थे। अध्यापक और अन्य सहयोगी सॉल्वरों को बोल-बोलकर उत्तर लिखवाते थे, जिसके बदले उन्हें भुगतान किया जाता था।

एक प्रश्नपत्र का पांच हजार रुपये

जांच में सामने आया कि परीक्षार्थियों से प्रति पेपर पांच हजार रुपये लेकर हल कराया जा रहा था। हल की गई उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा समाप्त होने से पहले अन्य परीक्षार्थियों की कॉपियों में मिलाकर रख दिया जाता था। जिससे सामूहिक नकल कराई जा सके। एएसपी राकेश के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ बेवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है।