जालसाजों ने एयर इंडिया में नौकरी लगवाने का झांसा देकर बीटेक पास तीन युवकों और एक युवती से साढ़े 23 लाख रुपये की ठगी कर ली। एक पीड़ित ने इज्जतनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तुलाशेरपुर निवासी देवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि उसने कोतवाली क्षेत्र के निगम वाली गली निवासी विशाल ने बीटेक साथ साथ पास किया था। इसके चलते उसकी विशाल से पुरानी जान पहचान थी। विशाल ने बताया कि बीटेक पूरा करने के बाद उसकी एयर इंडिया में नौकरी लग गई है। इस पर उसने कहा कि एयर इंडिया में कोई जगह खाली हो तो उसे भी बता देना। विशाल ने कहा कि एयर इंडिया में एसोसिएट की जगह खाली है। उसने कहा कि वह उसकी नौकरी लगवा देगा, जिस पर उसने अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र विशाल को दे दिए।
उसके बाद उसने एक फार्म भरवाया। फार्म भरवाने और अन्य खर्च के नाम पर उससे 11 लाख रुपये ले लिए। कुछ समय बाद उसने कहा कि इस समय काफी पद पर नौकरी आई हुई है। अगर किसी और की नौकरी लगनी हो तो वह लगवा देगा। इसके बाद उसने अपने छोटे भाई विनीत, चचेरे भाई अनमोल गौतम और अपनी दोस्त वैशाली यादव निवासी तुलाशेरपुर के शैक्षिक और मूल प्रमाण पत्र दे दिए। सभी लोगों के फार्म भरने के बाद उसने तीन बार अपने निवास पर बुलाया। आरोपियों ने कई बार में उनसे साढ़े 23 लाख रुपये से ज्यादा रकम ले ली। फिर उन्हें फर्जी ऑफर लेटर पकड़ा दिए। उन्होंने जब एयर इंडिया के दफ्तर में संपर्क किया तो उन्हें पता लगा कि इस तरह की कोई नौकरी के लिए भर्ती नहीं निकाली गई है। इज्जतनगर पुलिस ने दयाशंकर, विशाल, विपिन, सोनू, अभिषेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
