Bareilly : फरीदपुर उपचुनाव…भाजपा से दावेदारों ने ताल ठोंकनी शुरू की, डॉ. श्याम बिहारी के निधन से रिक्त हुई थी सीट

# ## UP

 फरीदपुर विधानसभा से दो बार के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव कराने के लिए भले ही कोई तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन भाजपा के कई नेताओं ने चुनाव लड़ने के लिए अंदरखाने तैयारी शुरू कर दी है। उपचुनाव में टिकट के लिए अभी तक पांच नेताओं ने दावेदारी करते हुए आवेदन भी दे दिया है।

डॉ श्याम बिहारी लाल के बेटे ईशान ग्वाल ने भी टिकट की दावेदारी की है। वहीं, जिला प्रशासन ने भी उप चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय ने करीब 820 ईवीएम की एफएलसी करा ली है।

दरअसल, 2 जनवरी की दोपहर सर्किट हाउस में भाजपा विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल को हार्ट अटैक आने के कुछ घंटे बाद निधन हो गया था। विधायक के निधन के बाद फरीदपुर सीट पर उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। फरीदपुर के उपचुनाव में कई भाजपा नेता टिकट पाने के लिए जुगत में लगे थे। उनमें से पांच नेताओं ने ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य को अपनी दावेदारी करते हुए आवेदन दिया है। इनमें से कई नेता सोशल मीडिया के जरिये अपनी दावेदारी दिखा रहे हैं।

फरीदपुर क्षेत्र के कार्यक्रमों में आवाजाही बढ़ा दी है। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि टिकट मांगने वालों में जवाहर लाल, संजय सिंह सहित कई नेता शामिल हैं। इधर आंवला के जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह का कहना है कि उप चुनाव को लेकर आयोग पर नजरें टिकी हैं। तारीख आते ही पार्टी तैयारी में जुट जाएगी। वहीं, निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिला प्रशासन ने फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में 410 बूथों के सापेक्ष 820 ईवीएम की जांच करा ली है। उपचुनाव में प्रयोग की जाने वाली ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) पूरी हो गयी है।

 भाजपा अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र दुर्विजय सिंह शाक्य ने बताया कि फरीदपुर उप चुनाव के लिए पांच लोगों ने दावेदारी करते हुए आवेदन दिया है। इसमें डॉ श्याम बिहारी लाल के पुत्र ने भी आवेदन किया है। भाजपा की उपचुनाव के लिए पूरी तैयारी है। निर्वाचन आयोग से तारीख मिलने के बाद पार्टी सीट जीतने के लिए जी जान से जुटेगी।