जनता दरबार में योगी से गुहार… मुफ्त में कराया कूल्हा प्रत्यारोपण, डॉक्टरों की देखरेख में सुधरी महिला की हालत

# ## UP

 बरेली के अस्पताल में डॉक्टरों ने कूल्हा प्रत्यारोपण की सलाह देकर खर्च तीन लाख बताया। निर्धन महिला मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंची और मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने मुफ्त इलाज के निर्देश दिए, जिस पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल) में महिला के कूल्हा मुफ्त प्रत्यारोपण किया गया। महिला की तबीयत में सुधार है।

कासगंज निवासी मालती देवी (65) का पांच साल पहले हादसे में कूल्हा फैक्चर हो गया था। उन्होंने आगरा के अस्पताल में ऑपरेशन कराया, लेकिन फरवरी से फिर परेशानी बढ़ गई। चलने-फिरनें में लाचार होने पर परिजन बरेली के एसआरएम अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने कूल्हा प्रत्यारोपण की सलाह देकर करीब तीन लाख रुपये का खर्च बताया। महिला ने जनता दर्शन में जाकर मुख्यमंत्री से गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने मुफ्त इलाज के निर्देश दिए।

इसके बाद सिविल अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जीपी गुप्ता ने महिला की जांचें कराई। जिसमें कूल्हे के लट्टू सूखी पाई गई। पहले किए ऑपरेशन का स्क्रू भी बाहर निकल गया था। चलने में स्क्रू चुभता था। उन्होंने टोटल हिप रिप्लेसमेंट (कूल्हा प्रत्यारोपण) की सलाह दी। कूल्हा प्रत्यारोपण के दौरान मरीज को एक यूनिट खून भी चढ़ाया गया।

डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि कूल्हा प्रत्यारोपण हो गया है। हड्डियां कमजोर व खोखली हो गई थीं। लिहाजा कुछ समय तक चलने-फिरने से मना किया गया था। पैर भी काफी हद तक सीधा हो गया है। मरीज को दर्द से भी छुटकारा मिल गया। मरीज को आने-जाने से बचाने के लिए वॉट्सएप से फालोअप किया गया। अब मरीज ठीक से चलने लगी। सीएमएस डॉ. देवेशचंद पांडेय का कहना है अस्पताल में सभी मरीजों को मुफ्त और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री जनता दर्शन से कई मरीजों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसआर सिंह व निदेशक डॉ. कजली गुप्ता ने ऑपरेशन टीम को बधाई दी है।

ये हैं ऑपरेशन टीम के सदस्य

डॉ. जीपी गुप्ता, डॉ. अनस, सिस्टर उर्मिला, ओटी टेक्निशियन राहुल, रणजीत शामिल थे। वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. एसके सिंह, डॉ. कासिम, डॉ. राजेश, डॉ. प्रेम प्रकाश।