साइनस नामक बीमारी से आज एक बड़ी आबादी ग्रसित है। इस समस्या से पीड़ित इंसान के नाक के आसपास और आधे सिर में दर्द होने लगता है। खासतौर पर सर्दियों में यह समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। चिकित्सा जगत में इसे ‘साइनोसाइटिस’ का नाम दिया गया है। साइनस हो जाने पर नाक बंद होना, सिर में दर्द और नाक से पानी गिरने जैसे लक्षण होते हैं। कई बार लोग साइनस के दर्द को गंभीरता से नहीं लेते हैं। लेकिन इस बीमारी को नजरअंदाज करने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। आज हम आपको कुछ खास चीजों के बारे में बता रहे हैं जिनके सेवन से साइनस के दर्द से राहत मिल सकती है।
सेब का सिरका
साइनस की समस्या में सेब का सिरका बेहद लाभदायक है। इसके लिए गर्म पानी और सेब के सिरके को बराबर मात्रा में मिलाएं और इससे भाप लें। यह मिश्रण संक्रमण पैदा करने वाले बैक्टीरिया को खत्म करता है। सेब का सिरका एक ऐसा उपचार है, जो साइनस को ठीक करने में काफी अहम भूमिका निभाता है।
शहद
घर में रखी छोटी से छोटी चीज कई बड़ी समस्याओं से छुटकारा दिला सकती हैं। शहद भी इन्हीं चीजों में से एक है। शहद में जीवाणुरोधी, ऐंटीवायरल और ऐंटीसेप्टिक गुण पाए जाते हैं। इसके नियमित सेवन से आप खुद को नाक व गले के संक्रमण से बचा सकते हैं।
लेमन बाम
साइनस के दर्द से छुटकारा पाने के लिए लेमन बाम एक असरदार नुस्खा है। लेमन बाम पुदीने के परिवार का एक बारहमासी पौधा है, जिसका वैज्ञानिक नाम मेलिसा ओफ्फिसिनालिस है। बुखार, जुकाम या फ्लू के दौरान भी इस पौधे का इस्तेमाल किया जाता है।
प्राकृतिक तेल
साइनस के दर्द से निजात पाने के लिए प्राकृतिक तेलों का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें पुदीना, लैवेंडर, नींबू, लौंग व पाइन आदि शामिल हैं। इन तेलों का छाती, नाक व सिर पर मालिश करने से काफी आराम मिलता है। अगर आप नियमत रूप से इन तेलों का इस्तेमाल करेंगे तो जरूर लाभ मिलेगा।
