30 अक्टूबर 1996,माइकल जैक्सन इस तारीख को पहली बार भारत आए थे। उस वक्त माइकल जिस होटल में रुके थे तब उन्होंने अपने कमरे की एक तकिये पर भारत के लिए एक प्यारा सा मैसेज लिखा था। क्या था वो मैसेज और क्या था वो पूरा वाकया….
माइकल जैक्सन भारत अपने प्राइवेट जेट से आए थे। हवाई अड्डे के बाहर पांच हजार से अधिक फैंस उनका इंतजार कर रहे थे। जब माइकल हवाई अड्डे से बाहर आए तो साड़ी पहने बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे ने भारतीय रीति रिवाज से माइकल का स्वागत किया था। सोनाली ने माइकल की आरती उतारी थी और उन्हें टीका लगाया। इसके साथ ही एयरपोर्ट के बाहर जोरदार ढोल नगाड़े भी बज रहे थे। माइकल अपने ट्रेडमार्क लाल नेपोलियन जैकेट, ब्लैक गॉगल और हैट में काफी जच रहे थे। माइकल जैक्सन को मुंबई के ओबेरॉय होटल में रुकना था। ऐसे में एयरपोर्ट से हवाई अड्डे तक के लिए अनिल अंबानी ने अपनी टोयोटा कार अरेंज कर दी। उस वक्त उस कार का जलवा था और कार में सनरूफ भी था। 
वैसे तो अपनी 30 कारों के दस्ते के साथ माइकल को सीधे हवाई अड्डे से नरीमन प्वाइंट के होटल ओबेरॉय पहुंचना था लेकिन ऐसा न हो सका। चूंकि हर कोई माइकल जैक्सन से मिलना चाहता था। रास्ते में कई बार माकइल सन रूफ से अपने फैंस को हाथ दिखाते नजर आए। इसके साथ ही धारावी में तो वो खुद कार से उतर गए और फैंस से मिलने लगे। ओबेरॉय होटल में माइकल के रहने के लिए स्पेशल कोहिनूर सूट तैयार किया गया था। कमरे से डाइनिंग टेबल तक हटा दिया गया था ताकि कमरे में कुछ और शीशे लगाए जा सकें। इसके साथ ही माइकल को चॉकलेट्स पसंद थीं तो सोफे से लेकर बिस्तर तक, हर जगह चॉकलेट्स रखी गईं। वहीं कमरे का टेंपरेचर भी माइकल की पसंद के मुताबिक कम कर दिया गया था।
उस वक्त सिर्फ आम लोग ही नहीं बल्कि बॉलीवुड सेलेब्स भी माइकल जैक्सन से मिलने की चाह में लंबे वक्त तक इंतजार करते रहे। उन सेलेब्स की लिस्ट में एक नाम प्रभु देवा का भी है, जो उन्हें अपना आइडल मानते हैं। हर कोई माइकल जैक्सन के कंसर्ट में जाना जाता था। वीआइपी पास से लेकर माइकल से मिलने तक के लिए कई बिजनेसमैन मोटा पैसा देने को तैयार थे। ऐसे में विजक्राफ्ट (इवेंट ऑर्गेनाइजर कंपनी) ने कुछ चुनिंदा 50 लोगों को माइकल जैक्सन से मिलवाया। जिनमें क्रिकेट और बॉलीवुड के दिग्गज शामिल थे।
उस रात शो के दौरान अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की हर सीट बुक थी। वहीं काफी लो कॉम्प्लेक्स के बाहर सड़क पर खड़े रहे और बाहर से ही माइकल के कंसर्ट को एन्जॉय किया। शो को न सिर्फ दर्शकों ने बल्कि खुद माइकल ने जमकर एन्जॉय किया। शो खत्म होने के बाद माइकल का इवेंट इक्विपमेंट एयरक्राफ्ट से सुबह सात बजे वापस चले गए। अपने इवेंट के बाद माइकल ने अनाथ बच्चों को भी वक्त दिया। वहीं टूर बस पर उन्होंने होटल के स्टाफ को भी साथ ले लिया। वहीं जाते वक्त माइकल ने एक पिलो पर अपने दिल की बाात भी लिखी, जिसे बाद में होटल द्वारा चैरिटी के लिए बेच दिया गया।
माइकल ने तकिये पर लिखा था- ‘भारत, मैंने अपनी पूरी जिंदगी तुम्हें देखने का इंतजार किया है। मैं तुमसे और तुम्हारे लोगों से मिला, और मुझे उनसे प्यार हो गया। अब मेरा दिल दुःख और उदासी से भरा हुआ है, क्योंकि मुझे जाना है। लेकिन मैं वादा करता हूं कि मैं वापस आऊंगा। तुम्हे प्यार करने और तुम्हें बाहों में भरने के लिए। तुम्हारी दया ने मुझे द्रवित कर दिया है, तुम्हारी आध्यात्मिक जागरूकता ने मुझे प्रभावित किया है, और तुम्हारे बच्चों ने मेरा दिल छू लिया है। उनके चेहरों में मुझे भगवान दिखाई देता है। हिन्दुस्तान, मैं सचमुच तुमसे बेहद मोहब्बत करता हूं। बच्चों को प्रेम देते रहो, उनको शिक्षित करते रहो, भविष्य की चमक उन्हीं से है। तुम मेरी बेहद खास मोहब्बत हो, हिन्दुस्तान, भगवान तुम्हें हमेशा सुखी रखे।’ गौरतलब है कि माइकल कभी दोबारा भारत नहीं आ पाए।
