(www.arya-tv.com) भारतीय अरबपति गौतम अडाणी ने मंगलवार को अमेरिका बेस्ड शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट को झूठा बताया। अडाणी एंटरप्राइजेज की एनुअल जनरल मीटिंग को वर्चुअली एड्रेस करते हुए गौतम अडाणी ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का मकसद हमारी रेपुटेशन को डैमेज कर मुनाफा कमाना था।
24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप को लेकर एक रिपोर्ट पब्लिश की थी। रिपोर्ट में ग्रुप पर मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर शेयर मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए गए थे। इसके बाद ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली थी। अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर करीब 3500 रुपए से गिरकर 1000 रुपए के करीब आ गया था।
2050 तक दुनिया की दूसरी बड़ी इकोनॉमी बन जाएगा भारत
गौतम अडाणी ने कहा कि भारत जो पहले से ही दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, 2030 से पहले तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। वहीं 2050 तक दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। अडाणी ने कहा, ‘मेरा अनुमान है कि अगले दशक में, भारत हर 18 महीने में अपनी GDP में एक ट्रिलियन डॉलर जोड़ना शुरू कर देगा।’
दिसंबर 2024 तक शुरू हो जाएगा नवी मुंबई एयरपोर्ट
गौतम अडाणी ने कहा कि दो प्रमुख प्रोजेक्ट में नवी मुंबई एयरपोर्ट और कॉपर स्मेल्टर शामिल हैं। दोनों तय समय पर पूरे हो जाएंगे। नवी मुंबई एयरपोर्ट दिसंबर 2024 तक ऑपरेशनल हो जाएगा। अडाणी ग्रुप अभी 7 एयरपोर्ट ऑपरेट करता है। इनमें अहमदाबाद, लखनऊ, मंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, जयपुर और तिरुवनंतपुरम हैं।
उन्होंने ग्रुप के परफॉर्मेंस पर कहा कि अडाणी ग्रुप की कंपनियों ने वित्त वर्ष 22-23 के लिए नए रिकॉर्ड बनाए है। अडाणी ग्रुप की FY23 में कुल आय 85% बढ़कर 2,62,499 करोड़ रुपए हो गई। कुल मुनाफा 82% बढ़कर 23,509 करोड़ रुपए हो गया। बैलेंस शीट, ऑपरेटिंग कैश फ्लो लगातार मजबूत हो रहा है।
कवरेज का विस्तार करेगा NDTV
गौतम अडाणी ने कहा कि NDTV दुनिया भर की ऑडियंस को सर्व करने के लिए अपनी इंटरनेशनल प्रोग्रामिंग और कवरेज का विस्तार कर रहा है। वहीं उन्होंने क्रेडिट रेटिंग को लेकर कहा कि अडाणी ग्रुप ने अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से कई अरब डॉलर जुटाए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी क्रेडिट एजेंसी ने अडाणी समूह की रेटिंग में कोई कटौती नहीं की है।