(www.arya-tv.com) ताजमहल में एक बच्ची के साथ हादसा हो गया। वह रेलिंग से फिसलकर नीचे गिर गई और बेहोश हो गई। सिर में चोट लगने से खून बहने लगा। परिवार के लोग बुरी तरह घबरा गए। आनन-फानन में उसे एएसआई ने हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया।
राजस्थान के बाडमेर से जय टिंडवानी का परिवार आज आगरा ताजमहल देखने आया था। शाम 5.45 बजे के करीब परिवार के लोग ताजमहल परिसर में ही घूम रहे थे। इसी बीच यह हादसा हो गया। जय टिंडवानी की 7 वर्षीय बेटी वान्या टिंडवानी ताजमहल परिसर में सेंट्रल टैंक से रेलिंग पर बैठने कोशिश की कर रही थी।
रेलिंग पर बैठते ही वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी। उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। हादसे के समय चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग मदद के लिए गुहार करने लगे। तभी एएसआई के जवानों ने एंबुलेंस बुलाकर बच्ची अस्पताल भेज दिया।
टूर पर निकले थे 10 लोग
जय टिंडवानी ने बताया कि उनका परिवार बाडमेर के नेहरू नगर सिंधी कॉलोनी में रहता हैं। परिवार के 10 लोगों के साथ वे ताजमहल देखने के लिए आए थे। उनकी पत्नी और बच्चों के अलावा परिवार के अन्य लोग ताजमहल देख रहे थे। तभी यह हादसा हो गया।
बेटी का रेलिंग से पैर फिसल गया था, जब तक उसे सम्भालते वह नीचे गिर गई। उन्होंने बताया कि बेटी को शांती मांगलिक हॉस्पिटल में एडमिट करा दिया है। उसके सिर में 5 टांके आए हैं। डॉक्टर ने दवा दे दी है। गनीमत रही बच्ची की जान बच गई।