(www.arya-tv.com) आगरा में गर्मी से हाल-बेहाल होने लगा है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। गर्मी के चलते ताजमहल पर एक मॉडल बेहोश हो गई। स्कूली बच्चे दोपहर को छुट्टी होने पर घर लौटते गर्मी से बीमार होने लगे हैं।
आगरा में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ताजमहल समेत अन्य स्मारकों को देखने आए सैलानी गर्मी में व्याकुल दिखे। ताजमहल पर बुधवार को दिल्ली से मॉडल्स का एक दल आया हुआ था। गर्मी के चलते एक मॉडल बेहोश हो गई। ASI कर्मचारियों और CISF के जवानों ने मॉलड के दल के साथ उसे एंबुलेंस से हॉस्पिटल भिजवाया। वहीं स्कूलों से छुट्टी के समय भी बच्चे गर्मी में परेशान नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों में तापमान 42 डिग्री के पार जा सकता है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंच सकता है। आज सुबह से ही कड़ी धूप के चलते आसमान से आग बरस रही थी।
आगरा सबसे गर्म शहरों में शामिल
आगरा सूबे में बुधवार को सबसे गर्म शहरों में 5वें नबंर रहा। आगरा में सुबह से ही तेज धूप निकलने से गर्मी बढ़ने लगती है। दोपहर के समय गर्मी में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। डॉ. अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि गर्मी बढ़ने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। गर्मी से बचने के लिए तरबूज, खरबूज, खीरा, नीबू, शिंकजी और नारियल पानी, छाछ, लस्सी आदि का सेवन करें। खाली पेट घर से न निकलें तथा धूप में सिर ढककर आवागमन करें। हृदय रोगी और मधुमेह रोगियों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।