भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा का आखिरी स्टेटस:देखेंगे राह तेरी…कॉल-चैट पर पुलिस की जांच

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का वाराणसी के सारनाथ में एक होटल में रविवार को शव फांसी पर लटका मिला था। कमरा नंबर 105 की यह गुत्थी अभी सुलझी नहीं है। जब पुलिस कमरे में दाखिल होती है, तो आकांक्षा के गले में पंखे से लगा फांसी का फंदा था। वह बेड पर बैठी थी। उनकी सांसें थम चुकी थी। आकांक्षा ने घटना से करीब 23 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर स्टोरी पर एक शायरी भी पोस्ट की थी। शायरी थी…’देखेंगे राह तेरी चाहे जमाना लग जाए, या तो आ जाए तू या हम ही ठिकाने लग जाएं।’

आकांक्षा की मौत से पहले शनिवार रात वह सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं। रात को 2 बजे के बाद आकांक्षा दुबे इंस्टाग्राम पर लाइव आई थीं। काफी देर तक लाइव पर फूट-फूटकर वह रो रही थी। कुछ कहना चाह रही थी, लेकिन बस रोती ही रही। बेटी की मौत की खबर पाकर परिजन भी वाराणसी पहुंच गए।

आकांक्षा का शव देखकर परिजन बिलखते रहे और उसके बारे में जानकारी जुटाते रहे। पुलिस ने परिजनों से तहरीर मांगी है, जिसके आधार पर आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी। वहीं फोरेंसिक टीम भी कमरे की जांच कर सबूतों की रिपोर्ट देगी।

आकांक्षा की मौत में उठे कई सवाल
रविवार को सारनाथ के एक होटल में आकांक्षा दुबे का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला, जिसने उनकी मौत पर कई सवाल भी खड़े किए। पुलिस पहली नजर आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, लेकिन उनके फैंस इस मौत को संदिग्ध बता रहे हैं। उनकी मौत को हत्या के नजरिए से जोड़कर जांच की मांग उठाई है।

घटना के बाद से सबसे बड़ा सवाल यह उभर कर आया है कि एक एक्ट्रेस जो अपने करियर की ऊंचाईयों को छू रही थी और अपनी अगली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थी, आखिर उसे ऐसा क्या सदमा लग गया कि उसने अपनी जान दे दी। सोशल मीडिया पर आकांक्षा और गायक समर सिंह की करीबियों और दूरियों की चर्चा भी छाई है।

वॉट्सऐप और मैसेंजर चैट को खंगाल रही पुलिस
अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत की पड़ताल में जुटी सारनाथ पुलिस को अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला? उनके परिजनों के वाराणसी पहुंचने के बाद अब पुलिस को तहरीर का इंतजार है, इसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस अब उनके मोबाइल की वॉट्सऐप और मैसेंजर चैट को खंगाल रही है।

पार्टी से छोड़ने आया युवक 17 मिनट होटल में रहा
पुलिस ने शनिवार रात बर्थडे पार्टी से लौटकर साथ जाने वाले टिकरी निवासी संदीप सिंह से भी पूछताछ की। उसने बताया कि अभिनेत्री से उसकी पुरानी पहचान है। उसने फोन कर महमूरगंज बुलाया था और फिर होटल तक छोड़ने को कहा था। अभिनेत्री देर रात 1:55 बजे होटल पहुंची थी। रात 2:12 बजे होटल छोड़ने आया युवक संदीप बाहर निकला। इसके बाद 2:25 बजे इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री लाइव हुई। वह बहुत रो रही थी। पुलिस पता लगा रही है कि आकांक्षा कहां और किस पार्टी में गई थी। उस पार्टी में ऐसा क्या हुआ था कि वहां से लौटने के बाद वह आत्महत्या करने को मजबूर हो गई।

सुसाइड के कुछ घंटे बाद रिलीज हुआ उनका भोजपुरी सॉन्ग
सुसाइड के कुछ घंटे बाद ही आकांक्षा का आखिरी भोजपुरी गाना रिलीज हुआ। गाने का टाइटल है ‘ये आरा कभी हारा नहीं।’ गाने के वीडियो को भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और आकांक्षा पर फिल्माया गया है। गाने के बोल जावेद अख्तर और इमामुद्दीन के हैं और म्यूजिक प्रियांशु सिंह ने दिया है।

सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर किया था लाइव
यहीं नहीं, सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर लाइव आकांक्षा फूट-फूटकर रोते हुए नजर आई थीं। फिलहाल वीडियो डिलीट हो चुका है। इसके अलावा देर रात उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने भोजपुरी सॉन्ग ‘हिलोर मारे’ पर शीशे के सामने बेली डांस किया था। अभिनेत्री ने कुछ दिन पहले वैलेंटाइन डे पर अपना रिलेशनशिप ऑफिशियल किया था। उन्होंने अपने को-स्टार समर सिंह के साथ फोटो पोस्ट करते हुए हैप्पी वैलेंटाइन्स डे लिखा था।