(www.arya-tv.com) उमेश पाल हत्याकांड में UP पुलिस को सोमवार सुबह बड़ी कामयाबी मिली। प्रयागराज में कौंधियारा के लालपुर इलाके में इस हत्याकांड से जुड़े दूसरे आरोपी शूटर विजय उर्फ उस्मान चौधरी को एनकाउंटर में मार गिराया। उस्मान ने ही उमेश पाल पर सबसे पहले गोली चलाई थी। वह CCTV में नजर आया था।
यह 8 दिन में दूसरा एनकाउंटर है। इससे पहले 27 फरवरी को बदमाश अरबाज को एनकाउंटर में मार गिराया था। अरबाज शूटरों को कार से घटनास्थल पर ले गया था। उमेश की हत्या 24 फरवरी को करीब 7 शूटर्स ने की थी। 7 बैकअप में थे।
प्रयागराज पुलिस ने एनकाउंटर का सटीक समय अभी नहीं बताया है। हालांकि, यह तड़के 4 से 5 बजे के बीच बताया जा रहा है। उस्मान की फायरिंग में एक सिपाही नरेंद्र भी जख्मी हो गया, जबकि जवाबी फायरिंग में उस्मान को गोली लगी। पुलिस उसे तुरंत SRN हॉस्पिटल लेकर आई। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अतीक का शार्प शूटर था, धर्म परिवर्तन करके उस्मान बना
24 फरवरी को जैसे ही उमेश गाड़ी से उतरा, उस्माम ने फायरिंग शुरू कर दी। उस्मान की गोली लगते ही उमेश जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उस्मान पर 50 हजार का इनाम रखा था। उस्मान अतीक गैंग का शार्प शूटर था।
अतीक गैंग को ज्वाइन करने के बाद धर्म परिवर्तन करके विजय चौधरी से उनका नाम उस्मान हो गया था। यह नाम अतीक गैंग ने ही दिया था। इस बात की पुष्टि एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने भी की है।
लालापुर में छिपा था उस्मान, पुलिस ने घेरा
प्रयागराज SOG और पुलिस के मुताबिक, उस्मान प्रयागराज के कौंधियारा के लालापुर में छिपा था। वह लालापुर का ही रहने वाला था। यहां SOG की टीम ने घेराबंदी की, तो उस्मान ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगी। बताया जा रहा है कि उसको दो गोली लगी है। हालांकि, पुलिस की तरफ से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई।
2020 में की थी उस्मान ने शादी
उस्मान कौंधियारा के बमौखर गांव का रहने वाला था। 2020 में उसने गांव की ही एक लड़की को भगाकर शादी की थी। इस समय वह घुरपूर इलाके में पत्नी के साथ किराए के कमरे में रहता था। उस्मान के पिता का नाम वीरेंद्र चौधरी है। वह चार भाई में तीसरे नंबर पर था। बड़ा भाई राकेश चौधरी भी वाहन चोर बताया जा रहा है। वह अभी जेल में बंद है। बाकी, दो भाई अजय और विपिन डीजे बजाने का काम करते हैं। उस्मान पहले वाहन चोर था। इसके खिलाफ प्रयागराज के कीडगंज थाने में कई मुकदमें दर्ज थे।