इस्लामाबाद के F-9 पार्क में लड़की का रेप:1000 रुपए देकर कहा- शाम में मत निकला करो

# ## International

(www.arya-tv.com) पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के सबसे पॉश इलाके में है फातिमा जिन्ना पार्क यानी F-9। इसके एक तरफ दर्जनों फास्ट फूड की दुकानें हैं, दूसरी तरफ क्रिकेट ग्राउंड और उससे लगा पाकिस्तान एयरफोर्स का अस्पताल।

2 फरवरी की शाम इस पार्क में एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे देश को झकझोर दिया, लेकिन उसके बाद जो हुआ वो उससे भी घिनौना था। सिलसिलेवार तरीके से पहले पूरी घटना जानते हैं।

2 फरवरी को शाम का वक्त था। 24 साल की एक लड़की अपने पुरुष दोस्त के साथ F-9 पार्क में टहल रही थी। तभी उन्हें दो बंदूक धारी लोगों ने रोक लिया।

पुलिस के पास दर्ज लड़की के बयान के मुताबिक, ‘वो लोग बंदूक की नोक पर हम दोनों को पार्क में जंगल की तरफ ले गए। पूछा ये लड़का तुम्हारा क्या लगता है। जब मैंने जवाब दिया तो उन्होंने मुझे थप्पड़ मारा। मेरे बाल खींचे और जमीन पर पटक दिया। मेरे कपड़े फाड़े और रेप किया।’

इसके बाद रेपिस्टों ने दर्द से कराह रही लड़की को 1 हजार रुपए देते हुए कहा कि सूरज ढलने के बाद ऐसे पार्क में मत टहला करो। रेपिस्टों की इस सोच ने पूरे पाकिस्तान को झकझोर दिया है।

केस दर्ज होने के बाद मेडिकल जांच कराई गई। इसमें गैंगरेप की पुष्टि हुई है। पुलिस ने एक आरोपी का स्केच भी जारी किया है।

इस घटना के बाद पिछले 13 दिनों की 3 बड़ी अपडेट्स…

  • इस घटना ने 22 करोड़ आबादी वाले पाकिस्तान को झकझोर दिया। महिलाएं घरों से बाहर निकल आईं। उन्होंने F-9 पार्क की रेलिंग में अपने दुपट्टे बांध दिए और महिलाओं की सुरक्षा के लिए तख्तियां उठाईं। उनका कहना है कि जब देश के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पार्क में ऐसा होगा, तो फिर महिलाएं कहां जाएंगी।
  • सरकार ने मीडिया से इस खबर की कवरेज रोकने का आदेश दिया। तर्क है कि इससे पीड़ित की पहचान उजागर हो सकती है।
  • 15 फरवरी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस्लामाबाद पुलिस के IG अकबर नासिर खान के मुताबिक पुलिस के हाथ अभी कोई ठोस सबूत नहीं लगे हैं। 2 फरवरी की घटना ऐसी जगह हुई जहां रोशनी नहीं थी।