(www.arya-tv.com) लखनऊ के पारा इलाके के सरोसा भरोसा में जमीन के विवाद के चलते रिटायर्ड जज पर भी गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं पारा पुलिस ने इस मामले में रिटायर्ड जज की तहरीर पर मंगलवार को एक पक्ष पर मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि पुलिस दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
डीसीपी दक्षिण राहुल राज के मुताबिक, 7 नवंबर को रिटायर्ड जज शोभनाथ सिंह ने खुद को मुरादाबाद में जज बताते हुए बलवा, लूट समेत अन्य धाराओं में तीन नामजद अब्बास, शमशाद, इरफान समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज कराया था।डीसीपी के मुताबिक, शोभनाथ सिंह के खिलाफ भी तहरीर दी गई थी। ऐसे में उन पर मुकदमा दर्ज करने के लिए सक्षम स्तर से अनुमति लेने के लिए पत्र भेजा गया था। संज्ञान में आया कि साल 2020 से वह कंपलसरी रिटायर्ड हैं। वर्तमान में मुरादाबाद में किसी भी पद पर नहीं हैं। ऐसे में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
जज का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक, पारा इलाके के सरोसा भरोसा में रहने वाले रिटायर्ड जज शोभनाथ सिंह का प्लाट है। उन्हीं के बगल में अब्बास अली की पत्नी नूरजहां समेत अन्य लोगों का प्लाट है। शोभनाथ का आरोप था कि तीन नवंबर को दबंगों ने हमला बोल दिया।
इस दौरान उनकी पत्नी को भी बुरी तरह से पीटा और उनकी सोने की चेन, डेढ़ लाख रुपए का मोबाइल, रायफल और रिवॉल्वर भी लूट ली। इसके बाद दबंगों ने उनके प्लॉट की दस फीट की दीवार भी गिरा दी थी। पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा तीन नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।
दूसरे पक्ष का आरोप
वहीं नूर जहां का आरोप है कि प्लाट नं. 191 और 192 है। इसका रास्ता नहर सर्विस लाइन पर एक प्लाट छोड़ कर है। मेरे अगल-बगल अन्य प्लाट भी हैं। सबका रास्ता शोभनाथ सिंह के प्लाट के बगल से निकलता है। आरोप है कि अपने प्लाट के निर्माण को दौरान जबरन सभी लोगों का रास्ता कब्जा कर रहे थे।
जब उन लोगों ने मना किया एक ही रास्ता है मत रोकिये, तो शोभनाथ उनकी पत्नी और लड़के अतुल सिंह के दोस्त रामदीन यादव समेत अन्य लोगों ने हथियार से लैस होकर मारपीट करने लगे। औरतों के साथ भी मारपीट व छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर चेन, मोबाइल व अन्य सामान लूट लिया। पारा पुलिस दोनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।