बरेली में शादी के दूसरे दिन जेवर लेकर दुल्हन फरार:शगुन के तौर पर पिलाई नशीली चाय

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) बरेली में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शनिवार रात को शादी के दूसरे दिन दुल्हन ने चाय में नशीली दवा मिला दी। इसके बाद सभी को ये कहकर पिलाया कि ये मेरी शगुन की चाय है। कुछ देर बाद सभी को नींद आ गई। 12 घंटे बाद होश आया तो घर में दुल्हन नहीं मिली।

अलमारी का सामान बिखरा मिला। सारे गहने और नकदी गायब मिली। दुल्हन पक्ष को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं किया। फिर बिचौलिए को फोन किया तो वो भी बंद मिला। इसके बाद दूल्हा पक्ष ने सोमवार को बिचौलिये समेत 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

शादी के दूसरे दिन थी रसोई की रस्म

सीबीगंज थाना क्षेत्र के चंद्रपुर काजियान गांव निवासी तुलाराम ने अपने बेटे प्रदीप का रिश्ता उत्तराखंड के हल्द्धानी निवासी अनीता से तय किया था। सगाई के साथ अन्य रस्म होने के बाद 13 अक्टूबर को दोनों की आर्य समाज मंदिर से शादी हुई।

शादी के बाद शुक्रवार को नई नवेली दुल्हन ससुराल आई तो मंगलगीत के साथ नाचगाना भी हुआ। शनिवार को दुल्हन से रसोई की रस्म अदा कराई गई। इस दौरान दुल्हन ने अपने हाथों से सबको चाय पिलाई।

दुल्हन के हाथ की पहली चाय पति समेत सभी ससुरालियों ने पी। चाय पीने के बाद एक-एक कर सभी को नींद आ गई। तुलाराम ने बताया कि चाय पीने के बाद पूरा परिवार सो गया। करीब 12 घंटे बाद एक-एक कर सभी को होश आया तो सभी को शक हुआ और दुल्हन की तलाश शुरू की तो वह गायब मिली। मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो घर में भीड़ जुट गई। गांव भर में दुल्हन की तलाश हुई। लेकिन उसका पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी बंद मिला।

दूल्हन समेत तीन पर मुकदमा

ससुर तुलाराम ने बताया कि वह अपने बेटे के लिए अच्छा रिश्ता खोज रहे थे। ऐसी बहू तलाश कर रहे थे कि जो पूरा परिवार संभाल सके। इसी के चलते उनके परिचित चांद बाबू ने बिचौलिया की भूमिका निभाते हुए दुल्हन के बहनोई राजू से मुलाकात कराई।

जिसके बाद दोनों पक्षों की रजामंदी से शादी की गई। घटना के बाद जब परिजनों ने दुल्हन के बहनोई और बियौलिया को फोन किया तो उनका फोन भी बंद मिला। जिसके बाद पीड़ित परिवार लुटेरी दुल्हन की फोटो लेकर थाने पहुंचा।

मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा कर जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर सीबीगंज सतीश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अब जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।