श्रद्धा, उल्लास से मनाया जा रहा गुरु पूर्णिमा का पर्व

Prayagraj Zone UP

(www.arya-tv.com) गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास से मनाया जा रहा है। खास दिन पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक संस्थाओं की ओर से गुरु पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पर्व को लेकर मठ-मंदिरों में भोर से भक्ति उल्लास है। आश्रमों में गुरु का आशीष प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्यों से संत महात्मा आए हैं।

अलोपीबाग स्थित शंकराचार्य आश्रम में शिष्यों ने स्वामी वासुदेवानंद का आरती, वंदन कर आशीष प्राप्त किया। बाघंबरी मठ में महंत बलवीर गिरी के सानिध्य में पूजन, अर्चन किया गया। तक्षक तीर्थ दरियाबाद में गुरु पूर्णिमा महोत्सव उल्लास से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर भंडारा का आयोजन किया गया है। त्रिवेणी बांध स्थित देवरहा बाबा आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर अनुष्ठान, पूजन किया गया। जैन मंदिर जीरो रोड में गुरु पूजन किया गया। जन जागृति संस्थान की ओर से शोभा यात्रा निकाली गई। शाम को दीक्षा कार्यक्रम होगा। पूर्णिमा पर श्रद्धालु संगम समेत गंगा-यमुना में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।