71 वर्ष के हुए मोहन भागवत, महाराष्ट्र के चंद्रपुर में हुआ था जन्म

National

(www.arya-tv.com) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन मधुकर भागवत आज 71 वर्ष के हो गए। भागवत का जन्म 11 सितंबर, 1950 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर में हुआ था। जन्मदिन पर उनको सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। हालांकि उन्होंने अपने जन्म दिन पर कोई समारोह नहीं रखा। संघ प्रमुख फिलहाल धनबाद प्रवास पर हैं।

प्रवास के दूसरे दिन जन्मदिवस होने पर भी उनकी दिनचर्या अन्य दिनों की तरह ही रही। कोई समारोह नहीं हुआ। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर स्थित कार्यकर्ता बैठक स्थल पर सुबह एकत्रीकरण हुआ। शारीरिक हुआ। इसके बाद अल्पाहार के बाद संघ प्रमुख ने सुबह 10 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के साथ बैठक शुरू कर दी। इसमें शीर्ष 20 पदाधिकारी शामिल हैं। ये वे पदाधिकारी हैं जो प्रचारक नहीं हैं। सुरक्षा कारणों से उनके रहने की व्यवस्था भी विद्या मंदिर परिसर में निर्मित गेस्ट हाउस में ही किया गया है। हालांकि संघ के अन्य पदाधिकारी आरएसएस के महानगर कार्यालय व बसेरा कांप्लेक्स में ठहरे हुए हैं।

सुबह के एकत्रीकरण के दौरान ही स्वयंसेवकों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। हालांकि इस अवसर पर शाम के समय उन्होंने व्यवस्था में लगे तमाम कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चर्चा करने की सहमति दी है। इस दौरान वे बैठक की व्यवस्था संभाल रहे तमाम स्वयंसेवकों के साथ शाम का अल्पाहार लेंगे व चाय पीयेंगे। सबके साथ परिचय की जाएगी और सामान्य बातचीत होगी।

तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन रविवार को डा. भागवत का शहर के प्रबुद्धजनों से मिलने का कार्यक्रम है। इसमें कला, संस्कृति, शिक्षा, साहित्य जगत के वैसे लोग जो संघ विचारधारा को मानने वाले हैं उनके साथ भागवत पहले एक घंटे चर्चा करेंगे फिर उनके साथ दोपहर का भोजन भी करेंगे। रविवार को ही धनबाद महानगर के स्वयंसेवकों के साथ भी उनकी बैठक होगी। इनमें शाखा लगाने वाले मुख्य शिक्षक, शाखा कार्यवाह, मिलन प्रमुखों के साथ बैठक होगी।