नए वर्ष पर हो सकती है बारिश, भीषण ठंड से यूपी में गई 50 लोगो की जान

Lucknow UP

लखनऊ।(www.arya-tv.com) कश्मीर के विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम हवाओं के चलते प्रदेश में सर्दी, कोहरे व शीतलहर का प्रकोप जारी है। रविवार को विभिन्न जिलों में निकली धूप शीतलहर और गलन के आगे नतमस्तक रही। रविवार को कानपुर देहात, उन्नाव, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, सहारनपुर और सुलतानपुर प्रदेश में सबसे अधिक ठंडे रहे, यहां न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ठंड की चपेट में आने से सूबे में रविवार को 50 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार सोमवार से प्रदेश में हवा का रुख बदलेगा। जम्मू-कश्मीर के पास विक्षोभ की स्थिति है। ऐसे में उत्तरी-पश्चिमी के बजाए दक्षिणी-पूर्वी हवा चलेगी। सुबह और रात को कोहरा बढ़ेगा। नए वर्ष में बारिश भी हो सकती है।

लखनऊ में दिन में धूप निकलने से पारा में कुछ सुधार हुआ। शहर का अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से नौ डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री कम 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तराई क्षेत्र में बहराइच और श्रावस्ती में रविवार को सूर्य के दर्शन ही नहीं हुए। यही हाल बाराबंकी लखीमपुर, बलरामपुर में भी रहा। यहां सुबह खासा घना कोहरा छाया रहने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही।आंबेडकरनगर में बदली छाई रही। सुलतानपुर में दो डिग्री तापमान दो डिग्री पहुंच जाने से दिन में ही सड़कों पर सन्नाटा दिखा। यहां पूरे दिन सूरज भी नहीं दिखा। बाराबंकी में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

मौसम विभाग की तरफ से जारी रेड वार्निंग के मुताबिक सोमवार को कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बिजनौर, आगरा व बांदा में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सहारनपुर का न्यूनतम 2 डिग्री, बुलंदशहर, शामली का तीन डिग्री सेल्सियस रहा। मुरादाबाद मंडल में ठिठुरन का प्रकोप बना रहा। अमरोहा जिले में ठंड से दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पीलीभीत में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड की चपेट में आने से अलीगढ़ में एक, अतरौली में दो लोगों मौत हो गई।